दिल्ली

Arvind Kejriwal ED Summons: ED के सामने आज भी पेश नहीं होंगे अरविंद केजरीवाल, समन को फिर बताया गैरकानूनी

Special Coverage Desk Editor
2 Feb 2024 5:37 AM GMT
Arvind Kejriwal ED Summons: ED के सामने आज भी पेश नहीं होंगे अरविंद केजरीवाल, समन को फिर बताया गैरकानूनी
x
Arvind Kejriwal: आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदर्शन के मद्देनजर मध्य दिल्ली में शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। AAP चंडीगढ़ मेयर चुनाव में कथित धोखाधड़ी को लेकर बीजेपी मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करेगी। वहीं बीजेपी ने कहा है कि उसके सदस्य अरविंद केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ आप मुख्यालय के पास विरोध प्रदर्शन करेंगे

Arvind Kejriwal ED Summons: दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में शुक्रवार (2 फरवरी) को भी पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सामने पेश नहीं होंगे। आम आदमी पार्टी ने एक बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल प्रवर्तन निदेशालय द्वारा पांचवीं बार जारी समन के बावजूद केंद्रीय एजेंसी के समक्ष इसलिए पेश नहीं हुए। क्योंकि बार-बार दिए जा रहे नोटिस उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास हैं।

AAP ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय के समन गैरकानूनी हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर दिल्ली सरकार को गिराना चाहती है। दिल्ली में पंजाब में सत्ताधारी AAP ने कहा, ""दिल्ली के मुख्यमंत्री और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल आज भी ED के सामने पेश नहीं होंगे। पार्टी ने समन को "गैरकानूनी" बताया है। हम वैध समन का पालन करेंगे। पीएम मोदी का लक्ष्य अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करना और दिल्ली सरकार को गिराना है। हम ऐसा नहीं होने देंगे।"

ED ने बुधवार को केजरीवाल को एक नया और पांचवां समन जारी किया था। इससे पहले, पिछले चार महीनों में वह केंद्रीय एजेंसी द्वारा चार समन को टाल चुके हैं। केजरीवाल, पिछले साल दो नवंबर, 21 दिसंबर और इस साल 3 जनवरी तथा 18 जनवरी को ED के समक्ष उपस्थित होने के लिए जारी उसके समन को टाल चुके हैं।

इस बीच, चंडीगढ़ मेयर चुनाव में कथित धांधली के विरोध में केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ शुक्रवार को बीजेपी मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन में हिस्सा लेने वाले हैं। AAP चंडीगढ़ में हुए मेयर पद के चुनाव में कथित धोखाधड़ी को लेकर बीजेपी मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करेगी। वहीं, बीजेपी ने कहा है कि उसके सदस्य अरविंद केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ AAP मुख्यालय के पास विरोध प्रदर्शन करेंगे।

दोनों पार्टियों का मुख्यालय पंडित दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर है और इनके बीच की दूरी 800 मीटर से भी कम है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि उचित इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा, "प्रदर्शन को देखते हुए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। अतिरिक्त कर्मियों को तैनात किया गया है। किसी को भी कानून तोड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी।"

पुलिस ने कहा कि दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर यातायात प्रभावित होगा। दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल तथा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पार्टी के प्रदर्शन में शामिल होंगे। मंगलवार को BJP ने चंडीगढ़ मेयर चुनाव में जीत हासिल की। इस जीत से विपक्षी गुट I.N.D.I.A. के घटक AAP और कांग्रेस को झटका लगा है।

Special Coverage Desk Editor

Special Coverage Desk Editor

    Next Story