तकनीकी

X पर ब्लू टिक कैसे लें? कितना पैसा खर्च होगा? लिखना क्या होगा? क्या करने पर पैसा मिलेगा?

Shiv Kumar Mishra
7 Jan 2024 7:54 AM GMT
X पर ब्लू टिक कैसे लें? कितना पैसा खर्च होगा? लिखना क्या होगा? क्या करने पर पैसा मिलेगा?
x

राजेश साहू

ये बहुत बेसिक सवाल है। तमाम लोगों को पता है लेकिन हमसे जुड़े बहुत साथियों को नहीं पता। अब पूछने के लिए अक्सर कमेंट करते हैं। जिन्हें पता है वह चाहे तो अब आगे नहीं पढ़ें। जिन्हें नहीं पता वह पढ़ें।

ब्लू टिक कोई भी ले सकता है। जिसके 1 फॉलोवर हैं वह भी। जिसने 4 दिन पहले अकाउंट बनाया वह भी। ब्लू टिक के लिए आपके पास ऐसा एटीएम कार्ड होना चाहिए जिससे आप विदेश पैसा भेज सकते हों। अगर ऐसा नहीं है तो आप बैंक जाकर अपने देशी कार्ड को विदेशी कार्ड में कनवर्ट करवर्ट करवा सकते हैं। ब्लू टिक का महीने का चार्ज 650 रुपए है। सलाना लेने पर थोड़ा बहुत छूट है लेकिन वो जरूरी नहीं लगता। एक महीने का 1350 रुपए वाला प्लान भी है, उसमें एक्स आपके पोस्ट को बूस्ट भी करेगा। हालांकि मैं 650 वाला सही मानता हूं।

ब्लू टिक लेने के बाद आप उन वरिष्ठ लोगों की लिस्ट में शामिल हो जाते हैं जिनपर यहां का यूजर थोड़ा तो ध्यान देता है। गलत लिखने पर वह आपको ब्लू टिक के नाम पर ही गरिया देगा। अच्छा लिखने पर सराहना भी करेगा।

लिखना क्या है? इस सवाल का जवाब कठिन है। सबकी अपनी रुचि है। आप अपनी रुचि का पता लगाएं। उसी दिशा में आगे बढ़ें। जैसे मुझे पॉलिटिकल, क्रिकेट और सटायर ठीक लगता है। पत्रकार हूं तो अपनी ग्राउंड रिपोर्ट भी यहां शेयर करता हूं, पब्लिक का अच्छा रिस्पांस आता है। आप जो भी लिखें, उसमें हिन्दी की गलतियां नहीं हों। थोड़ी बहुत से दिक्कत नहीं है, वो तो इस पोस्ट में भी कहीं न कहीं दिख जाएगी।

ब्लू टिक लेने के बाद पैसा कैसे मिलेगा? आपको 90 दिन के अंदर 5 मिलियन यानी 50 लाख इंप्रेशन बटोरना है। जहां लाइक का बटन है उसी के बगल 4 खड़ी लाइन दिखती है, उसी के बगल लिखा होता है कि आपके इस पोस्ट का इंप्रेशन कितना है। क्रिएटर स्टूडियो वाले सेक्शन में जाएंगे, वहां से एनालिटिक्स पर जाकर आप 90 दिन तक का देख सकते हैं। ब्लू टिक लेने के बाद ही यह नहीं जोड़ा जाता, अगर आपका 50 लाख पहले से ही है तो ब्लू टिक लेने के बाद ही आप मोनिटाइज कर सकते हैं। जहां मोनिटाइजेशन लिखा है वहीं से जाकर स्ट्रिप अकाउंट बनाना है।

स्ट्रिप अकाउंट में खाता नंबर, आधार कार्ड वगैरह भरना होता है। जीएसटी वगैरह इग्नोर करें। एक्स महीने में दो बार पैसा भेजता है। 1 से 10 तारीख के बीच, 20 से 30 तारीख के बीच। आपकी पोस्ट कितने लोगों ने देखी से ज्यादा महत्वपूर्ण है कि आपके पोस्ट को कितने ब्लू टिक वालों ने देखी। क्योंकि मस्क ने एकबार कहा था कि पोस्ट के नीचे आने वाले कमेंट को ब्लू टिक वाले देखेंगे तो पैसा देंगे। अब कुछ चीजें बदली हैं लेकिन उसकी घोषणा नहीं हुई है।

पहले के मुकाबले सबकी रीच घटाई गई है लेकिन पैसे बढ़ा दिए गए हैं। मान लीजिए अगर आपका 14 दिन में 2-3 मिलियन भी इंप्रेशन रहा तो मान के चलिए 15 से 20 डॉलर आ जाएंगे। यह मैं अपने तजुर्बे से कह रहा, दूसरे इसे खारिज कर सकते हैं।

यकीनन अब आप ब्लू टिक की गणित समझ गए होंगे। अगर खुद के ऊपर भरोसा है कि अपनी लेखनी से लोगों को प्रभावित कर सकते हैं तो ले लीजिए। जनता को पसंद आया तो पैसे के साथ नाम भी होता है।

Next Story