राष्ट्रीय

जानिए आज क्या रहेगा देश भर में मौसम का हाल

Satyapal Singh Kaushik
9 Jun 2022 3:00 AM GMT
जानिए आज क्या रहेगा देश भर में मौसम का हाल
x
दिल्ली, यूपी समेत पूरे उत्तरी राज्यों में झुलसा रही गर्मी।

दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में इन दिनों भीषण गर्मी पर रही है। मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसे ही बने रहने के आसार है। दरअसल इन दिनों पाकिस्तान की ओर से चल रही शुष्क और गर्म पछुआ हवाओं की वजह से उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है।

आईएमडी के अनुसार अभी कुछ दिनों तक ऐसे ही पड़ेगी गर्मी

आईएमडी के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक तापमान में बढ़ोतरी का दौर ऐसे ही जारी रहेगा। आज भी कई राज्य में लू चलने की संभावना है। IMD की मानें तो पहाड़ों से लेकर मैदानी राज्यों तक बढ़ते तापमान, हीटवेव और लू से अभी राहत मिलने की उम्मीद नहीं के बराबर है। दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, उत्तराखंड, पश्चिम राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और झारखंड और के अलग-अलग हिस्सों में अगले 2 दिन तक हीटवेव सता सकती है।

10 जून से गर्मी में थोड़ी राहत की

मौसम विभाग के मुताबिक 10 जून से दिल्लीवासियों को गर्मी से थोड़ी सी राहत जरूर मिल सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार कल कई इलाकों में हल्के बादल छाए रहेंगे। यह सिलसिला अगले तीन-चार दिन तक रह सकता है।

मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक मानसून के पूर्वोत्तर भारत में सक्रिय रहने और दक्षिण प्रायद्वीप पर कमजोर रहने की संभावना है। सिक्किम, देश के पूर्वोत्तर भाग और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में बारिश हो सकती है। केरल, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है। अरब सागर से दक्षिण प्रायद्वीप भारत की ओर पछुआ हवा चलने के कारण कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप में अगले चार से पांच दिनों तक गरज के बारिश हो सकती है।

27 जून तक पहुंच सकता है मानसून

स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा कि मानसून के दिल्ली में सामान्य तारीख 27-28 जून के आसपास पहुंचने की संभावना है और अभी ऐसी कोई बाधा नजर नहीं आती, जो इसकी प्रगति को रोक सके। उन्होंने कहा कि एक या दो सप्ताह में तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी।

साथ ही महेश पलावत ने कहा कि एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ से पंजाब तथा हरियाणा पर चक्रवाती परिसंचरण बन सकता है, जिससे 10 जून से हरियाणा, पंजाब, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रुक-रुक कर मानसून पूर्व गतिविधियों का अनुभव किया जा सकता है।

Satyapal Singh Kaushik

Satyapal Singh Kaushik

न्यूज लेखन, कंटेंट लेखन, स्क्रिप्ट और आर्टिकल लेखन में लंबा अनुभव है। दैनिक जागरण, अवधनामा, तरुणमित्र जैसे देश के कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में लेख प्रकाशित होते रहते हैं। वर्तमान में Special Coverage News में बतौर कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story