बागपत

यूपी के बागपत में दुष्कर्म पीड़ित के घर पोस्टर चस्पा, लिखा- कोर्ट में गवाही दी तो अंजाम उन्नाव कांड से भयंकर होगा

Special Coverage News
12 Dec 2019 6:37 AM GMT
यूपी के बागपत में दुष्कर्म पीड़ित के घर पोस्टर चस्पा, लिखा- कोर्ट में गवाही दी तो अंजाम उन्नाव कांड से भयंकर होगा
x
इस बीच बुधवार सुबह पीड़ित के गांव स्थित घर पर धमकी भरा पोस्टर चस्पा किया गया। इससे पूरा परिवार दहशत में है। धमकी मिलने के बाद पीड़ित और उसके पिता अपने गांव लौट आए हैं।

बागपत. उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में दुष्कर्म के आरोपी ने पीड़ित को कोर्ट में गवाही देने पर उसके साथ उन्नाव कांड से भी बड़ी वारदात करने की धमकी दी है। आरोपी हाल ही में जमानत पर जेल से रिहा होकर आया है। धमकी पोस्टर के माध्यम से दी गई, जो पीड़ित के घर के बाहर लगाया गया। पुलिस पीड़ित को सुरक्षा मुहैया कराई और आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

दिल्ली के मुखर्जीनगर में दर्ज है रेप का केस

मामला बागपत जिले के बड़ौत थाना इलाके के एक गांव का है। एक युवती जनवरी 2018 में पढ़ाई करने के लिए दिल्ली के मुखर्जीनगर गई थी। यहां गांव निवासी सोरण भी रहता था। सोरण 8 मार्च को कुछ नोट्स देने के बहाने से पीड़ित को अपने एक दोस्त के किराए के मकान पर ले गया। जहां उसने कोल्ड ड्रिंक में नशीली गोलियां मिलाकर रेप किया और उसकी वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने लगा। जुलाई महीने में आखिरकार पीड़ित ने आरोपी पर दिल्ली के मुखर्जीनगर थाने में केस दर्ज कराया।

13 दिसंबर को कोर्ट में गवाही

पुलिस ने आरोपी सोरण को गिरफ्तार कर जेल भेजा। लेकिन, जल्द ही उसे जमानत मिल गई। मामला रोहिणी कोर्ट में चल रहा है। 13 दिसंबर को कोर्ट में गवाही है। रेप की घटना के बाद पिता भी पीड़ित के साथ दिल्ली में रहने लगे थे। अन्य सभी परिजन गांव बड़ौत में रहते हैं। इस बीच बुधवार सुबह पीड़ित के गांव स्थित घर पर धमकी भरा पोस्टर चस्पा किया गया। इससे पूरा परिवार दहशत में है। धमकी मिलने के बाद पीड़ित और उसके पिता अपने गांव लौट आए हैं। मामले में पीड़ित के दादा ने बड़ौत कोतवाली में शिकायत की थी।

आरोपी गिरफ्तार, पीड़िता को मिली सुरक्षा

एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव ने बताया कि रेप का मामला 2018 में दर्ज हुआ था। पीड़ित और आरोपी एक ही गांव के हैं। आरोपी सोरण को दुष्कर्म मामले में जमानत मिल गई थी। पुलिस ने नया मामला दर्ज करते हुए सोरण को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता को सुरक्षा दी गई है।

Tags
Special Coverage News

Special Coverage News

    Next Story