अजब गजब

जब नाचते नाचते युवक की निकल गई जान, मचा हड़कंप

Shiv Kumar Mishra
7 May 2022 1:22 PM GMT
जब नाचते नाचते युवक की निकल गई जान, मचा हड़कंप
x

शादी विवाह समारोह व धार्मिक उत्सव में डीजे की धुन पर नाचना व झूमना आम बात हो गई है। डीजे की तेज ध्वनि पर न तो सरकार का कोई लगाम है और ना ही लोगों की कोई मर्जी। जिसे जितना मन करे अपने पसंद का गाना लगाए और जितनी मर्जी तेज बजाए कोई पूछनहार नहीं है। मध्य प्रदेश के उज्जैन में बारात में बजने वाले डीजे के तेज म्यूजिक ने एक युवक की जान ले ली। युवक नाचते नाचते दम तोड़ दिया। बता दें बारात में डीजे की तेज आवाज के दौरान युवक शादी में झूम भी रहा था और वीडियो भी बना रहा था। वीडियो बनाने के दौरान ही युवक गश खाकर गिरा तो फिर उठ नहीं पाया। डॉक्टर्स के मुताबिक डीजे की तेज आवाज की वजह से उसे हार्ट अटैक आया और उसकी मृत्यु हो गई।

उज्जैन के पास अम्बोदिया डेम निवासी 18 साल का लाल सिंह अपने दोस्त विजय की शादी में शामिल होने ताजपुर आया था। विजय की बारात गांव में निकल रही थी और बारात में लालसिंह अपने दोस्तों के साथ डीजे के पीछे नाच रहा था। वहीं इस दौरान वह मोबाइल पर वीडियो भी बनाने लगा। तभी अचानक डांस करते हुए लालसिंह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। जिसके बाद उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे उज्जैन रेफर कर दिया गया। जहां डॉक्टरों ने उज्जैन पहुंचने पर लालसिंह को मृत घोषित कर दिया।

वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ कि लालसिंह के दिल में खून का थक्का जमा हुआ था। अस्पताल के डॉक्टर जितेंद्र शर्मा के मुताबिक, डीजे के तेज म्यूजिक की वजह से ऐसा हुआ है। डॉक्टर ने बताया कि डीजे या अन्य बड़े साउंड सिस्टम से जब तेज म्यूज़िक बजाया जाता है तो शरीर में असामान्य गतिविधियां होती हैं। तय सीमा से ज्यादा डेसिबल वाला साउंड मानव शरीर के लिए हानिकारक होता है। इसका असर दिल और दिमाग दोनों पर हो सकता है।

Next Story