महज एक बुलेट गाड़ी के लिए ससुराल वालों ने विवाहिता को पेट्रोल डाल कर जलाया
मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। एक बुलेट गाड़ी के लिए एक विवाहिता को ससुराल वालों ने पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया।;
पटना : बिहार के भोजपुर जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां महज एक बुलेट गाड़ी के लिए एक विवाहिता को ससुराल वालों ने पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। ये घटना धोबहा थाना के इजरी पिपरा गांव की है।
खबर के अनुसार, भोजपुर जिलें के इजरी पिपरा गांव में विवाहिता को ससुराल के दहेज लोभियों ने उसके ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दिया और रूम को बंद कर फरार हो गए।
इस घटना के बाद पूरे गांव में अफरा तफरी का माहौल बना हुआ है। मृतका इंदु के पिता रामधारी राम ने बताया कि 2011 में बड़े ही धूमधाम से बिटिया की शादी धोबंहा थाना के पिपरा सलेमपुर गांव में की थी।
बताया जा रहा है शादी के छह साल बाद तक सब कुछ ठीक ठाक चल रहा था इस बीच इंदु को एक बेटा आर्यन और एक बेटी सलोनी भी हुई मगर कुछ समय बीतने के बाद इंदु के ससुराल वालों ने उसे प्रताड़ित करना शुरु कर दिया।
आये दिन ससुराल वाले उसके साथ मारपीट करते रहते थे। इंदु पर बार-बार एक बुलेट गाड़ी और 5 लाख रुपए अपने पिता से मांगने का दबाव बनाया जा रहा था। सोमवार की देर रात इंदु को उसके पति और ससुरालवालों ने पेट्रोल डालकर जला दिया और भाग खड़े हुए।
इधर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर मृतक विवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ससुराल पक्ष के लोगों की तलाश में जुट गई है। वहीं इस घटना के बाद इंदु के मायके वालों का रो-रो कर बुरा हाल हुआ है।