बिहार: बीजेपी पार्षद सत्येन्द्र कुशवाहा का निधन, राजकीय सम्मान से हुआ अंतिम संस्कार

भारतीय जनता पार्टी के विधान पार्षद सत्येन्द्र नारायण कुशवाहा का बुधवार को देर रात निधन हो गया।;

Update: 2018-01-11 13:01 GMT
भारतीय जनता पार्टी के विधान पार्षद सत्येन्द्र नारायण कुशवाहा का बुधवार को देर रात निधन हो गया। वे पिछले लंबे समय से बीमार चल रहे थे। गुरुवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ पटना सिटी के खाजेकलां घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। कुशवाहा की पत्नी के अलावा एक-एक पुत्र और पुत्री हैं। 49 वर्षीय कुशवाहा 2012 में विधानपरिषद के लिए चुने गए थे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी, विधानपरिषद के कार्यकारी सभापति हारुण रशीद व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नित्यानंद राय ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि वे एक कुशल राजनेता व कर्मठ समाजसेवी थे। 
उनके निधन से न केवल राजनीतिक बल्कि सामाजिक क्षेत्रों में भी अपूरणीय क्षति हुयी है। इसके पहले उनका पार्थिव शरीर विधानपरिषद और भाजपा दफ्तर लाया गया, जहां उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गयी। उनके निधन के बाद भाजपा दफ्तर का झंडा झुका दिया गया।

भाजपा विधान पार्षद सत्येन्द्र कुशवाहा पिछले दो साल से बीमार चल रहे थे। लंबे समय तक वे दिल्ली के मेदांता में भर्ती रहे थे। पिछले दिनों तबीयत खराब होने पर उन्हें आईजीआईएमएस में भर्ती करवाया गया था। जहां उन्होंने बीती रात अंतिम सांस ली। कुशवाहा को 15 दिसंबर 2015 को ब्रेन हैम्ब्रेज हो गया था। उसके बाद से ही वे लगातार बीमार थे।
पटना सिटी में जन्मे कुशवाहा जमीन से जुड़े नेता थे और अपनी मेहनत की बदौलत मंडल स्तर से पार्टी में ऊपर तक आये। वर्ष 2005 में वे प्रदेश भाजपा के युवा मोर्चा के अध्यक्ष बने। इसके पहले वे मोर्चा में नित्यानंद राय के साथ मंत्री और मंगल पांडेय की टीम में महामंत्री रह चुके थे। वर्ष 2006 में उन्होंने प्रदेश भाजपा के किसान मोर्चा के अध्यक्ष पद की जिम्मेवारी निभाई।
2009 में वह प्रदेश भाजपा के मंत्री बने तथा 2012 में विधान परिषद के सदस्य बने। 2013 में राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य बने। उन्हें लोकसभा चुनाव के वक्त उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी भी बनाये गये। 2014 लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में पार्टी की सफलता के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की।

Similar News