बर्थडे स्पेशल : 41 की हुईं प्रीति जिंटा, जानें – ज़िन्दगी से जुड़े अहम पहलू

Update: 2016-01-31 10:36 GMT




मुंबई : बॉलीवुड की 'डिंपल गर्ल' प्रीति जिंटा का आज बर्थडे है। वैसे कहने को तो वो 41 साल की हो गईं, मगर लगती बिल्कुल भी नहीं हैं। उनका जन्‍म 31 जनवरी 1975 को शिमला (हिमाचल प्रदेश) में हुआ था। उनके पिता दुर्गानंद जिंटा भारतीय थलसेना में अफसर थे।

प्रीति अपने पिता की बेहद लाडली बेटी थीं। दो भाईयों के बीच एक अकेली बहन थीं और बचपन में टाम ब्वाॅय की तरह रहती थीं। दुर्भाग्यवश् 13 साल की उम्र में ही एक कार एक्सिडेंट में उन्होंने अपने पिता को खो दिया। इस एक्सिडेंट में उनकी मां भी घायल हो गईं, जिसके चलते उन्हें करीब दो साल तक काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस हादसे ने प्रीति की जिंदगी पूरी तरह से बदल दी, लेकिन उन्होंने कभी भी हिम्मत नहीं हारी। शिमला में अपनी पढ़ाई पूरी करने वालीं प्रीति बाॅस्केटबाॅल की खिलाड़ी भी रही हैं।




बिजनेसमैन नेस वाडिया के साथ उनके प्यार के चर्चे खूब आम हुए थे, मगर कुछ साल पहले ही दोनों का ब्रेकअप हो गया। अब उनके अपने अमेरिकन ब्वॉयफ्रेंड के साथ इस साल शादी के बंधन में बंधने की खबरें सामने आ रही हैं। प्रीति सामाजिक कार्यों में भी काफी सक्रिय रहती हैं।




आइये जानते हैं, प्रीति के बारे में 10 खास बातें :

1. करियर के शुरूआती दौर में एड फिल्मों में काम किया। बॉलीवुड में अपने करियर की शुरूआत 1998 में मणिरत्नम की फिल्म 'दिल से' से की। इस फिल्म के लिये प्रीति को फिल्मफेयर की ओर से सर्वश्रेष्ठ डेब्यू अभिनेत्री का पुरस्कार दिया गया।

2. 1998 में बॉबी देओल के साथ वाली 'सोल्जर' प्रदर्शित हुई। इस जोड़ी को दर्शको ने बेहद पसंद किया, 'सोल्जर' टिकट खिड़की पर सुपरहिट साबित हुई।

3. 2000 में आई फिल्म 'क्या कहना' प्रिति के करियर के लिए अहम फिल्म साबित हुई। इस फिल्म में प्रीति ने संजीदा अभिनय कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार के लिये नामांकित की गई।

4. 2001 में आई 'दिल चाहता है' भी प्रिति के करियर की महत्वपूर्ण फिल्मों में से एक है। इस फिल्म से फरहान अख्तर ने बॉलीवुड में बतौर निर्देशक अपनी शुरूआत की थी। तीन दोस्तों पर आधारित इस फिल्म में प्रीति के अपोजिट आमिर खान थे। इस फिल्म में प्रीति और आमिर खान की जोड़ी को दर्शकों ने बेहद पसंद किया।

5. 2003 'कल हो ना हो' और 'कोई मिल गया' जैसी सुपरहिट फिल्में प्रदर्शित हुई। 'कल हो ना हो' के लिए प्रीति सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित की गयी वहीं कोई मिल गया के लिये वह सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्मफेयर पुरस्कार से नामांकित की गयी।

6. 2004 में प्रदर्शित फिल्म 'वीर जारा' प्रीति के कैरियर की उल्लेखनीय फिल्मों में शुमार की जाती है।

7. 2005 में प्रदर्शित और लिव इन रिलेशनसिप पर आधारित फिल्म 'सलाम नमस्ते' के जरिये प्रीति ने एक बार फिर से अपने दमदार अभिनय से दर्शकों को दीवाना बना दिया।

8. 2006 में प्रदर्शित फिल्म 'कभी अलविदा ना कहना' प्रीति के करियर की अंतिम सुपरहिट फिल्म साबित हुई। वर्ष 2009 में प्रदर्शित फिल्म 'मैं और मिसेज खन्ना' में प्रीति ने कैमियो किया। इसके बाद उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री से किनारा कर लिया।

9. 2013 में प्रदर्शित अपनी निर्मित फिल्म 'इश्क इन पेरिस' के जरिये प्रीति ने वापसी की लेकिन यह फिल्म सफल नहीं रही।

10. 2014 में प्रदर्शित फिल्म 'हैप्पी एंडिंग' में भी प्रिति ने कैमियो किया।

Similar News