बॉलीवुड के दिग्गज फिल्म निर्देशक अर्जुन हिंगोरानी का 92 की उम्र में निधन

बॉलीवुड को धर्मेंद्र जैसा एक्टर देने वाले दिग्गज फिल्म निर्देशक निर्माता अर्जुन हिंगोरानी का 92 साल की उम्र में निधन हो गया। अर्जुन हिंगोरानी के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर फैल गई।;

Update: 2018-05-07 09:43 GMT

मुंबई : बॉलीवुड को धर्मेंद्र जैसा एक्टर देने वाले दिग्गज फिल्म निर्देशक निर्माता अर्जुन हिंगोरानी का 92 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने शनिवार को उत्तर प्रदेश के वृंदावन में अपनी अंतिम सांस ली।

उनका अंतिम संस्कार भी वृंदावन धाम में ही किया गया। अर्जुन हिंगोरानी के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर फैल गई। धर्मेंद्र ने भी उनके निधन पर अफसोस जाहिर किया। उन्होंने दुख व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, 'जिस व्यक्ति ने मुंबई आए इस अकेले शख्स (धर्मेंद्र) को सहारा दिया, वह हमें छोड़कर चले गए। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।'

अर्जुन हिंगोरानी बॉलीवुड के एक जाने माने फिल्मकार थे। उन्होंने कई दशकों तक हिंदी सिनेमा को बेहतरीन और काम्याब फिल्में दीं। हिंगोरानी ने धर्मेंद्र को 1960 में अपनी फिल्म 'दिल भी तेरा हम भी तेरे' से लॉन्च किया था। बाद में धर्मेंद्र बॉलीवुड के ही-मैन के रूप में स्थापित हुए।

ऋषि कपूर ने भी हिंगोरानी को श्रद्धांजलि दी उन्होंने एक ट्वीट करते हुए लिखा, 'जब भी सेट पर शॉट तैयार किया जाता था, तब वह कहते थे- ऋषि साहब को बुलाएं और धर्मेंद्र साहब के लिए चिल्लाकर बोलते थे- धर्मेंन को बुलाओ, क्योंकि उन्होंने ही उन्हें फिल्मों में ब्रेक दिया था। धरम जी उनकी सारी बात मानते थे। हम तीनों ने 'कातिलों के कातिल' में काम किया था, जो सुपरहिट रही। अलविदा अर्जुन जी'.

आपको बता दें हिंगोरानी ने 1960 में अपने करियर की शुरुआत की थी। तीन दशक के अपने करियर में उन्होंने धर्मेंद्र के साथ कई फिल्में बनाई। धर्मेंद्र के साथ उनकी गहरी दोस्ती थी। हालांकि, यहां आपको बता दें कि अब तक उनकी मौत का कारण साफ नहीं हो सका है।

Similar News