ठंड ने तोड़ा 16 साल का रिकॉर्ड, गलन के साथ ठिठुरन बढ़ी, मौसम विभाग ने कही बड़ी बात

Update: 2019-12-17 05:13 GMT

दिल्ली। उत्तर पश्चिमी हवाओं ने दिल्ली-एनसीआर के मौमस को सर्द किया। वहीं, उत्तर भारत में छाया घना कोहरा दिन चढ़ने के साथ वातावरण में निचले स्तर के बादल में तब्दील हो गया। इससे सूरज की किरणें धरती पर नहीं पहुंच सकीं। मौसम विभाग के वैज्ञानिक कुलदीप श्रीवास्तव के मुताबिक, दोनों मौसमी दशाओं के मिले-जुले असर से सोमवार को अचानक ठंड बढ़ गई। दिन का तापमान सामान्य से दस डिग्री सेल्सियस नीचे जाने के बाद दिन बेहद ठंडा रहा। अगले 48 घंटे दिन का तापमान कमोबेश स्थिर रहेगा।

16 साल में पहली बार राजधानी में दिन का पारा सामान्य से दस डिग्री कम केवल 12.9 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले 2003 में 26 जनवरी को तापमान 10.06 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले दो दिन तक हालात ऐसे ही रहेंगे। दिल्ली के लोग ठंड से कंपकंपाएंगे। वहीं, रात का तापमान भी सामान्य से दो डिग्री नीचे जाने का अंदेशा है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। 2003 से अब तक कभी भी दिन का तापमान सामान्य से दस डिग्री सेल्सियस नीचे नहीं गया था। इससे पहले, 2014 में यह करीब 15 डिग्री सेल्सियस था। वहीं, 2003 में यह 10.06 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। इसके अलावा, अन्य वर्षों में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री सेल्सियस नीचे रहा है।

Tags:    

Similar News