राहुल गांधी को उनका सरकारी बंगला वापस मिला

संसद सदस्यता वापसी होने के बाद राहुल गांधी को घर भी वापस मिला।;

Update: 2023-08-08 10:01 GMT

कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सांसदी फिर मिल गई है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद कल लोकसभा सचिवालय ने सदस्यता बहाल करने का नोटिफिकेशन जारी कर दिया था। इसके बाद राहुल ने अपने ट्विटर हैंडल पर 'अयोग्य सांसद' की जगह 'संसद सदस्य' लिखा है। अब सवाल यह है कि अयोग्य ठहराए जाने के बाद राहुल ने जो दिल्ली वाला बंगला छोड़ा था, क्या उन्हें वापस मिलेगा? राहुल कल यानी 7 अगस्त को लोकसभा में गए थे लेकिन अब तक दिल्ली में आधिकारिक घर नहीं मिला है। रूल के तहत सांसदों को दिल्ली में घर मिलता है। 2005 से ही राष्ट्रीय राजधानी में राहुल का आधिकारिक पता 12, तुगलक लेन बंगला रहा है।  लोकसभा की हाउसिंग कमेटी से कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने संपर्क किया और राहुल गांधी को पुराना बंगला फिर से आवंटित करने का आग्रह किया। उनके आग्रह पर उन्हे बंगला आवंटित कर दिया गया है।

कैसे होता है आवंटन 

हाउसिंग कमेटी का कहना है कि इस बारे में रूल स्पष्ट है। राहुल गांधी को घर के लिए फिर से अप्लाई करना होगा। इसके बाद ही उन्हें यह घर (12 तुगलक लेन) मिल सकता है। कांग्रेस नेता के लिए अच्छी बात यह है कि अभी पुराना घर किसी दूसरे को आवंटित नहीं हुआ है। ऐसे में उन्हें पुराना घर फिर मिल सकता है। 22 अप्रैल को राहुल ने यह घर खाली कर दिया था। इससे एक महीने पहले उनपर मोदी सरनेम मामले में दोषसिद्ध हुआ था और कोर्ट ने दो साल की सजा सुनाई थी। दो साल या उससे अधिक सजा मिलने पर संसद सदस्य अयोग्य हो जाते हैं। इसके बाद सांसद को अधिकतम एक महीने के भीतर सरकारी घर छोड़ना होता है।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने जब बंगले से सारी चीजें शिफ्ट कर लीं तो कांग्रेस पार्टी ने ट्विटर पर लिखा था कि यह देश ही राहुल गांधी का घर है। वह लोगों के दिलों में रहते हैं। राहुल को अपना घर देने का कैंपेन भी चलाया गया। #MeraGharAapkaGhar के साथ कई लोगों ने राहुल के लिए घर ऑफर किया था। हालांकि राहुल 10 जनपथ पर मां के आवास में रह रहे हैं।

टाइप-7 में राहुल को मिलेगा बंगला

लोकसभा में वायनाड का प्रतिनिधित्व करने वाले राहुल गांधी को दिल्ली में सरकारी आवास मिलना है। नियम के तहत अभी 8 तरह के सरकारी आवास दिए जाते हैं। टाइप-5 और टाइप-7 के तहत घर लोकसभा और राज्यसभा के सदस्यों को दिए जाते हैं। राहुल संसद में तीन कार्यकाल पूरा कर चुके हैं और टाइप-7 बंगले के लिए पात्र हैं। टाइप-7 बंगला एक से डेढ़ एकड़ के बीच फैला होता है। इसमें 4 बेडरूम होते हैं। ऐसे बंगले में राज्य मंत्री, दिल्ली हाई कोर्ट के जज आदि रहते हैं। नए सांसदों को टाइप-5 बंगला मिलता है।

Tags:    

Similar News