अरविंद केजरीवाल बोले, 'राहुल गांधी ने दिल्ली में गठबंधन से किया इनकार'

कांग्रेस अध्यक्ष ने ‘‘आप के साथ चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया।’’

Update: 2019-04-01 05:38 GMT

दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के बीच गठबंधन पर सस्पेंस खत्म हो गया है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राज्य में गठबंधन से इनकार कर दिया है। दिल्ली सीएम के इस बयान के बाद राज्य में अब त्रिकोणीय मुकाबला होना तय हो गया है। बता दें कि रविवार को दिल्ली की पूर्व सीएम और प्रदेश कांग्रेस कमिटी अध्यक्ष शीला दीक्षित ने कहा था कि सोमवार तक आप-कांग्रेस गठबंधन पर तस्वीर साफ हो जाएगी। उन्होंने कहा था कि इस बारे में आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा।

हवाईअड्डे पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान 'आप' प्रमुख ने कहा कि उन्होंने हाल ही में गांधी से मुलाकात की थी। कांग्रेस अध्यक्ष ने ''आप के साथ चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया।''

दिल्ली कांग्रेस की अध्यक्ष शीला दीक्षित के उनसे संपर्क ना करने के बयान पर केजरीवाल ने कहा, ''हमने राहुल गांधी से मुलाकात की थी। दीक्षित इतनी महत्वपूर्ण नेता नहीं हैं।'' केजरीवाल लोकसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से दूर रखने के लिए लगातार कांग्रेस से गठबंधन करने की अपील कर रहे हैं। पार्टी सूत्रों ने कहा था कि गठबंधन के मुद्दे पर दिल्ली कांग्रेस बंटी हुई है। दीक्षित और उनके तीन कार्यकारी अध्यक्ष गठबंधन का विरोध कर रहे हैं। पार्टी के एक उच्च पदस्थ सूत्र ने हाल ही में कहा था कि दिल्ली के दीर्घकालिक परिणामों पर ध्यान देते हुए गठबंधन की संभावना कम है। 

आपको बता दें कि 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को दिल्ली में हार का सामना करना पड़ा था। बीजेपी ने दिल्ली की सभी सात सीटों पर जीत दर्ज की थी। तमाम सर्वे में दावा किया गया है कि अगर आप-कांग्रेस गठबंधन कर चुनाव नहीं लड़ी तो बीजेपी 2014 को दोहराएगी। दिल्ली में 12 मई को वोट डाले जाएंगे।

Similar News