Delhi Metro : ग्रीन, पिंक और वायलेट लाइन पर अफरातफरी, 3 घंटे बाद सामान्य हुईं मेट्रो सेवाएं

मेट्रो सेवाएं अब सामान्य रूप से चल रही हैं, अब सेवाओं में कोई विलंब नहीं है।

Update: 2022-03-17 06:41 GMT

नई दिल्ली : दिल्ली मेट्रो की पिंक, ग्रीन और वायलेट लाइन के हजारों यात्री बृहस्पतिवार सुबह से परेशान हैं। तकनीकी खामी के चलते इन तीनों रूटों पर दिल्ली मेट्रो की ट्रेनें बेहद धीमी गति से चल रही हैं। इससे हजारों यात्री परेशान हैं। वहीं, इस बीच डीएमआरसी ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि मेट्रो सेवाएं अब सामान्य रूप से चल रही हैं, अब सेवाओं में कोई विलंब नहीं है। हालांकि, किसी और असुविधा से बचने के लिए सिस्टम अभी भी निगरानी में है। बावजूद इसके लोगों की परेशानी धीरे-धीरे खत्म होगी और इसमें कुछ समय लगेगा।

ग्रीन, पिंक और वायलेट लाइन में आई खराबी के चलते ट्रेनों के धीरे चलने का असर यह हुआ कि ज्यादातर लोग अपने गंतव्य तक पहुंच ही नहीं पाए और कई तो मेट्रो ट्रेनों में ही फंसे रहे। वहीं, ग्रीन लाइन मेट्रो के तहत आने वाले ब्रिगेडियर होशियार सिंह और बहादुरगढ़ सिटी मेट्रो स्टेशन को बंद तक करना पड़ा, हालांकि कुछ देर बाद इन्हें खोल दिया गया। इससे पहले डीएमआरसी ने बृहस्पतिवार सुबह 9 बजे के आसपास ट्वीट करके जानकारी दी थी कि दिल्ली मेट्रो की पिंक, वायलेट और ग्रीन लाइन पर मेट्रो देरी से चल रही है। इसके साथ ही लोगों को यह भी सलाह दी थी कि इस परेशानी के चलते यात्री अतिरिक्त समय लेकर मेट्रो का सफर करें।

पीक आवर में आई इस समस्या के कारण ग्रीन, पिंक और वायलेट पर आई समस्या का सीधा असर ब्लू, मजेंटा व अन्य लाइनों पर भी देखने को मिला। यहां पर भी स्टेशनों पर भीड़ जमा हो गई। डीएमआरसी प्रवक्ता का कहना है कि बृहस्पतिवार सुबह ग्रीन, पिंक और वायलेट लाइन पर सिग्नलिंग सिस्टम में कुछ खराबी आ गई थी, जिसके कारण मेट्रो ट्रेनों की गति धीमी हो गई।

Tags:    

Similar News