Haryana Election Results 2019 LIVE: चौटाला की JJP का कांग्रेस को ऑफर, CM पद दो, समर्थन लो!

जननायक जनता पार्टी के संस्थापक दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि हरियाणा में सत्ता की चाबी उनके पास होगी.;

Update: 2019-10-24 06:15 GMT

हरियाणा में जननायक जनता पार्टी पूरे जोश में नजर आ रही है. पार्टी को अब तक के नतीजों में 11 सीटों पर बढ़त दिखाई दे रही है, लेकिन उसका जोश इतना हाई है कि कांग्रेस को समर्थन देने के लिए सीएम पद तक की शर्त रख डाली है. जेजेपी के कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर है और उन्होंने जींद में जमकर आतिशबाजी कर खुशियां मनाई.

JJP के पास है सत्ता की चाबी :दुष्यंत चौटाला

जननायक जनता पार्टी के संस्थापक दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि हरियाणा में सत्ता की चाबी उनके पास होगी. मतगणना शुरु होते ही दुष्यंत चौटाला ने कहा कि उनकी पार्टी को लोगों ने बढ़-चढ़कर वोट दिया है. उन्होंने कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो हर एक कार्यकर्ता से बात करने के बाद ही मुख्यमंत्री चुना जाएगा. पार्टी तय करेगी कि किसे समर्थन दिया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि हम किंगमेकर साबित होंगे.

अब तक के नतीजों में हरियाणा में किसी भी दल को पूर्ण बहुमत नहीं मिलता दिखाई दे रहा है, लिहाजा सरकार बनाने की कवायद भी तेज हो गई है. जेजेपी किंगमेकर की भूमिका में उभर रही है, ऐसे में सबकी नजर दुष्यंत चौटाला पर हैं. सूत्रों के मुताबिक, जेजेपी ने सीएम पद की शर्त के साथ कांग्रेस को समर्थन का ऑफर दिया है. इस बीच कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा से बात कर इस मसले पर फ्री हैंड दिया है. यानी हुड्डा से उन्होंने अपने हिसाब से फैसला लेने का अधिकार दिया है.

हरियाणा में बीजेपी को बहुमत मिलता दिखाई नहीं दे रहा है. जिसके बाद सरकार बनाने की कवायद भी तेज होने लगी है. जेजेपी ने जहां सीएम पद की शर्त के साथ कांग्रेस को समर्थन का ऑफर दे दिया है. वहीं, बीजेपी भी जेजेपी से संपर्क साध रही है. इस बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को बीजेपी हाईकमान ने दिल्ली बुलाया है. खट्टर आज दोपहर ही दिल्ली पहुंच रहे हैं.

Tags:    

Similar News