बसपा नेता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या

Update: 2019-02-23 05:47 GMT

पानीपत के समालखा में माता पुली रोड पर शुक्रवार को दिनदहाड़े बसपा नेता सुखदेव की दो बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बाइक सवार दोनों हमलावरों का चेहरा वारदात के दौरान सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पुलिस ने फुटेज के आधार पर हत्यारोपियों को पहचान लिया है। दोनों आरोपी समालखा के रहने वाले हैं।

गौरतलब है कि शुक्रवार दोपहर करीब 12:45 बजे सुखदेव लेबर को काम समझाकर बाजार से सामान लेने जा रहा था। घर से थोड़ी दूर पहुंचा ही था कि तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मार दी, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए।

मौके पर पहुंची समालखा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में भेज दिया। सीआईए टीम ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। एक दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में बाइक सवार दोनों युवक कैद हो गए। उनके चेहरे खुले हुए थे। चालक ने सफेद रंग और पीछे बैठे युवक ने चेकदार शर्ट पहने हुई थी। वारदात के बाद वह ब्लूजे रोड की तरफ भाग गए थे।

शुक्रवार देर शाम तक आरोपी पकड़े नहीं जा सके थे। मृतक सुखदेव के भाई ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करा दिया है। समालखा के थानेदार राजपाल ने बताया कि सुखदेव की हत्या पूरानी रंजिश के चलते हुई है, सीसीटीवी में दोनों आरोपियों की पहचान हो चुकी है, दोनों समालखा के रहने वाले हैं। पुलिस जल्द दोनों को गिरफ्तार कर लेगी।

Similar News