बाजार में बिकने वाले कोल्ड ड्रिंक से बचें, इन देशी पेय को पीकर बना सकते हैं सेहत

Summer beverages :बस बन गया पुदीना पानी। पुदीना पानी पीने में बिल्कुल जलजीरा सा स्वाद देता है।;

Update: 2020-05-20 15:39 GMT

तेज गर्मी में बार-बार प्यास लगती है, ऐसा कुछ ठंडा पीने की इच्छा होती है, जो प्यास बुझाए और एक शीतलता महसूस हो। कुछ लोग इसके लिए बाजार में बिकने वाले पैक्ड कोल्ड ड्रिंक पीते हैं, जो सेहत के लिए नुकसानदेह होते हैं। हम आपके लिए यहां लाए हैं, घर में बनाए जाने वाले कुछ देसी पेय, जो तन-मन को तो शीतल करेंगे ही, सेहत के लिए भी लाभकारी हैं।

बाजार में बिकने वाले कोल्ड ड्रिंक से बचें, इन देशी पेय को पीकर बना सकते हैं सेहत

पाइनएप्पल नींबू पानी

इन दिनों गर्मी बहुत तेज हो रही है। लोग इस गर्मी में प्यास बुझाने के लिए बड़ी-बड़ी कंपनियों के कोल्ड ड्रिंक पीते हैं, लेकिन ये पैक्ड ड्रिंक न सिर्फ महंगे होते हैं बल्कि हमारी सेहत के लिए भी हानिकारक होते हैं। इन दिनों तो कोविड-19 के समय हमारे लिए खतरनाक भी हैं। आइए, जानते हैं, गर्मी भगाने के कुछ देसी पेय के बारे में, जो न सिर्फ सस्ते हैं, सेहत के लिए भी अच्छे हैं।

आम पानी

आम पानी गर्मी और लू को दूर रखने का अचूक पेय है। यह हमारे शरीर को डिहाइड्रेट कर पानी की कमी को दूर करता है। साथ ही लू से भी बचाता है। ऊपर से इसका खट्टा-मीठा स्वाद बच्चों से लेकर बूढ़ों तक को भाता है। गर्मियों के सीजन में कच्चे आम की भरमार रहती है। बस इसे उबालकर गूदे में नमक, भूना जीरा डालकर इसे झटपट तैयार किया जा सकता है। फ्लेवर बढ़िया करने के लिए आप काला नमक, पुदीना भी डाल सकती हैं।

शरबत

गर्मियों और शरबत का रिश्ता तो सदियों पुराना है। पहले गर्मियों में कोई मेहमान घर आता था तो उसको शरबत ही दिया जाता था। यह पानी, चीनी और नीबू के घोल से बनता है। आजकल तो तरह-तरह के शरबत बनाए जाते हैं। फलों के रसों में मसाले डालकर शरबत तैयार किया जाता है, जो स्वादिष्ट लगते हैं, साथ में एनर्जी भी देते हैं।

लस्सी-मट्ठा

गर्मी में ठंडी-ठंडी लस्सी पीना भला किसे नहीं भाता होगा। दही को हल्का बिलो कर बर्फ और चीनी मिलाकर जायकेदार लस्सी बनती है। यह गर्मियों में बहुत फायदेमंद होती है। इसी तरह दही को थोड़ा ज्यादा बिलोकर उसका मक्खन निकाल लिया जाता है, इस तरह तैयार हो जाता है मट्ठा। इसमें नमक या चीनी डालकर पीने से शरीर में तरावट रहती है। साथ ही यह पौष्टिक भी होता है।

सत्तू का शरबत

सत्तू का शरबत ठेठ देसी पेय है। यह पौष्टिक तत्वों से भरा होता है। गर्मी में शीतलता प्रदान करने के साथ पेट के लिए भी फायदेमंद है। अधिक टेस्टी बनाने के लिए नमक मिले सत्तू के घोल में ऊपर से भुना जीरा भी छिड़क सकते हैं।

बेल का शरबत

गर्मी के दिनों में बेल खूब मिलता है। पके बेल का गूदा निकाल कर पानी मे मिलाकर हल्का मथ दें। इस तरह तैयार हो गया बेल का शरबत। यह गर्मी भगाने के साथ पेट के लिए भी फायदेमंद है।

नीबू पानी

गर्मियों में दोपहर या शाम को नीबू पानी हर किसी को पसंद होता है। नीबू में विटामिन सी भरपूर मात्रा में मौजूद होता है। वहीं पानी हमारे शरीर की प्रमुख जरूरत है। आजकल कई कंपनियां बोतल में पैककर नीबू पानी बेचने लगी हैं, लेकिन इसे पीने से बचें। सब्जी वाले से ही नीबू लेकर घर का बना नीबू पानी पिएं।

पुदीने का पानी

पुदीना पानी को बनाने के लिए सिर्फ हरे पुदीने को पीसकर उसमें पानी, नमक, भूना जीरा और काला नमक मिला लीजिए। तीखा चाहिए तो जरा सा मिर्च पाउडर भी मिला सकती हैं, बस बन गया पुदीना पानी। पुदीना पानी पीने में बिल्कुल जलजीरा सा स्वाद देता है।

Tags:    

Similar News