कोहली के पाकिस्तानी फैन ने छत पर लहराया तिरंगा, गिरफ्तार

Update: 2016-01-27 08:19 GMT



इस्लामाबाद : पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के ओकाड़ा शहर से एक ऐसी खबर आयी जिसने सबको चौंका दिया। यहां पुलिस ने एक व्यक्ति को इसलिये गिरफ्तार कर लिया क्योंकि उसने अपने छत पर भारतीय तिरंगा फहराया।

बीबीसी के मुताबिक पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के ओकाड़ा शहर में पुलिस ने एक व्यक्ति को अपने घर की छत पर भारतीय झंडा तिरंगा फहराने पर हिरासत में लिया है। ओकाड़ा के सदर थाना सर्किल के एक अधिकारी ने अपना नाम सार्वजनिक न करने की शर्त पर बीबीसी उर्दू को बताया कि उम्र दराज़ नाम के एक शख्स को मंगलवार को अरेस्ट किया गया था।

अरेस्ट किए गए व्यक्ति को मंगलवार को ही अदालत में पेश किया गया था और अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक उम्र दराज़ के खिलाफ 16 एमपीओ और 123ए के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस को खबर मिली थी कि उम्र दराज़ ने ओकाड़ा के एक गांव में अपने मकान पर भारतीय तिरंगा लहराया है जिस पर पुलिस ने छापा मारा। पुलिस के अनुसार उम्र दराज़ का कहना है कि वो भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली के प्रशंसक हैं और उनके लिए उन्होंने भारतीय झंडा अपने मकान पर फहराया था।

Similar News