Norway Firing: नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में नाइट क्लब में अंधाधुंध फायरिंग, 2 की मौत, 14 घायल
गोलीबारी करने वाला शख्स ईरानी मूल का नॉर्वे का नागरिक है, जिसकी उम्र 42 साल है।;
नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में शनिवार तड़के एक बार के बाहर हुई गोलीबारी की घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। नॉर्वे की पुलिस का कहना है कि वह ओस्लो में हुई गोलीबारी की घटना को आतंकवादी हमला मानकर इसकी जांच कर रही है।
ईरानी मूल का नार्वे नागरिक हुआ गिरफ्तार
पुलिस अधिकारियों ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि गोलीबारी करने वाला शख्स ईरानी मूल का नॉर्वे का नागरिक है, जिसकी उम्र 42 साल है। इस संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह व्यक्ति हमेशा से आपराधिक प्रवृति का रहा है। पुलिस ने हमलावर के पास से एक पिस्तौल और एक ऑटोमैटिक गन समेत दो फायर आर्म्स जब्त किए हैं। आरोपी ने ओस्लो के व्यस्त कारोबारी क्षेत्र के तीन स्थानों पर गोलीबारी की।
ओस्लो में गोलीबारी की यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब शहर में समलैंगिकों के समर्थन में एक वार्षिक रैली के आयोजन की तैयारियां चल रही थीं। ओस्लो के लंदन पब नामक जिस बार के बाहर यह गोलीबारी हुई, वह समलैंगिकों के बीच बेहद लोकप्रिय है। पुलिस की सलाह पर आयोजकों ने समलैंगिकों के समर्थन में निकाली जाने वाली रैली और उससे संबंधित सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है।