गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल ने मध्य प्रदेश के राज्यपाल पद की ली शपथ
मंगलवार को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस हेमंत गुप्ता ने राजभवन में एक समारोह में आनंदीबेन पटेल को राज्यपाल पद की शपथ दिलाई।;
भोपाल : गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल को मध्य प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। मंगलवार को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस हेमंत गुप्ता ने राजभवन में एक समारोह में आनंदीबेन पटेल को राज्यपाल पद की शपथ दिलाई।
राजभवन में आयोजित समारोह में आनंदीबेन पटेल ने राज्यपाल के तौर पर पद और गोपनीयता की शपथ ली। इस दौरान शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित मंत्रिपरिषद के अनेक सदस्य मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण समारोह में लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, सहित विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सोमवार को आनंदीबेन पटेल अहमदाबाद से एक चार्टड बस से सड़क मार्ग से भोपाल पहुंचीं। यहां उन्होंने उज्जैन में महाकाल के दर्शन किए।
रामनरेश यादव का कार्यकाल समाप्त होने के बाद से राज्य के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार ओम प्रकाश कोहली के पास था। कोहली गुजरात के राज्यपाल हैं। अब आनंदीबेन पटेल के शपथ लेते ही राज्य को पूर्णकालिक राज्यपाल मिल गया है।
आपको बता दें राज्यपाल बनने से पहले आनंदीबेन पटेल गुजरात की मुख्यमंत्री, राज्यसभा सदस्य रह चुकी हैं। 21 नवंबर 1941 को जन्मी पटेल मोहिनाबा हाई स्कूल अहमदाबाद की प्राचार्य के पद से सेवानिवृत्त हुई थीं।