न्यूयॉर्क से भी साफ है हमारे इंदौर-भोपाल की सड़कें: शिवराज सिंह चौहान
मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि अमेरिका का मीडिया पक्ष लेकर काम करता है, लेकिन हमारे यहां का मीडिया निष्पक्ष काम करता है.;
नई दिल्ली: मध्यप्रदेश की सड़कों को वॉशिंगटन से भी बेहतर बताकर विवादों में आए मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अब सफाई को लेकर न्यूयॉर्क से मध्यप्रदेश की तुलना की. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपनी अमेरिका यात्रा से वापस लौट आए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर और भोपाल, न्यूयॉर्क से भी साफ-सुथरे हैं.
मध्यप्रदेश लौटकर मुख्यमंत्री शिवराज ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा वाशिंगटन डीसी की 92 प्रतिशत सड़कें खराब हैं. उन्होंने कहा कि इंदौर के एयरपोर्ट से सुपर कॉरिडोर और भोपाल की वीआईपी रोड बेहद खूबसूरत है.
मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि अमेरिका का मीडिया पक्ष लेकर काम करता है, लेकिन हमारे यहां का मीडिया निष्पक्ष काम करता है. अगर किसी की आलोचना करनी हो तो वह जरूर करता है.
अपने सड़कों वाले बयान की शिकायत कांग्रेस द्वारा अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से किए जाने पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा, "मैं अपने राज्य की ब्रांडिंग करने गया था, इसलिए यहां की अच्छाइयां ही तो वहां बताऊंगा. वही मैंने किया. जहां तक कांग्रेस की बात है, उन्हें इस मसले पर राजनीति नहीं करनी चाहिए, कांग्रेस तो अपने कार्यकाल की सड़कों को याद करे."
ट्विटर पर भी मुख्यमंत्री शिवराज इस बयान को लेकर खूब ट्रोल हुए थे. ट्विटर यूजर्स अमेरिका की सड़कों की तस्वीरें अपलोड कर रहे हैं, साथ ही उन्हें मध्य प्रदेश का बता रहे हैं. मध्य प्रदेश के गड्ढों वाली सड़कों की तस्वीरें भी अपलोड कर कैप्शन दिया जा रहा है 'ये अमेरिका की सड़कें हैं.