मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष बने कमलनाथ, सिंधिया को मिली प्रचार की कमान

इसी साल के अंत में मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। बता दें कि कमलनाथ के पास इस समय हरियाणा और पंजाब का प्रभार है।;

Update: 2018-04-26 09:36 GMT
ज्योतिरादित्य सिंधिया और कमल नाथ (फाइल फोटो)
नई दिल्ली : कांग्रेस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता कमलनाथ को मध्यप्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। कांग्रेस ने इसका औपचारिक ऐलान कर दिया है। छिंदवाड़ा से सांसद कमलनाथ प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर अरुण यादव का स्थान लेंगे।
कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत की ओर से जारी एक चिट्ठी में बताया गया है कि कमलनाथ को मध्यप्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं ज्योतिरादित्य सिंधिया को चुनाव प्रचार समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। गौरतलब है कि इसी साल के अंत में मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। बता दें कि कमलनाथ के पास इस समय हरियाणा और पंजाब का प्रभार है। गहलोत ने नियुक्ति का औपचारिक पत्र जारी करते हुए बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रदेश कांग्रेस के नए पदाधिकारियों की नियुक्ति पर मुहर लगाई।
इसके मुताबिक कमलनाथ जहां कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए, वहीं पार्टी ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को चुनाव प्रचार समिति का अध्यक्ष बनाने का फैसला किया है। पार्टी की इस औपचारिक घोषणा के बाद लम्बे समय से चल रही बदलाव की अटकलों को विराम लग गया।
कांग्रेस ने इसके अलावा 4 कार्यकारी अध्यक्षों के नामों का भी ऐलान किया गया। बाला बच्चन, रामनिवास रावत, जीतू पटवारी और सुरेंद्र चौधरी को कार्यकारी अध्यक्ष बनाने का फैसला किया है।
आपको बता दें कि इस साल के अंत में होने वाले प्रदेश के विधानसभा चुनाव कमलनाथ की पहली बड़ी परीक्षा होगी। कमलनाथ 4 बार केंद्रीय मंत्री रहे हैं और वर्तमान में वे पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव भी है। कमलनाथ 34 साल की उम्र में पहली बार सांसद बने थे और वे पिछले 9 बार से छिंदवाड़ा से सांसद हैं। इसी तरह ग्वालियर से सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी पार्टी ने अहम भूमिका देते हुए प्रचार की कमान सौंपी।

Similar News