राहुल का बड़ा ऐलान- अगर MP में बनी कांग्रेस सरकार, तो 10 दिन में किसानों का कर्ज होगा माफ

राहुल ने कहा कि जब हमारी सरकार आएगी तो हम खेतों के पास ही फूड प्रोसेसिंग पार्क बनाएंगे जिससे किसानों को पूरा लाभ होगा।;

Update: 2018-06-06 09:29 GMT

मंदसौर : देशभर में चल रहे किसानों के आंदोलन के बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज मंदसौर गोलीकांड की पहली बरसी पर खोखरा गांव पहुंचे। उन्होंने किसानों की रैली को सम्बोधित करते हुए कहा कि मोदीजी ने किसानों के साथ धोखा किया। उन्होंने किसानों को फसलों की सही कीमत देने का वादा किया था। लेकिन वे सब में फेल हो गए। अगर मध्य प्रदेश में हमारी सरकार आई तो हम 10 दिन में किसानों का कर्जा माफ करेंगे। 

राहुल ने कहा कि जब हमारी सरकार आएगी तो हम खेतों के पास ही फूड प्रोसेसिंग पार्क बनाएंगे जिससे किसानों को पूरा लाभ होगा। उन्होंने कहा कि मैं चाहता हूं कि यहां जो लस्सुन होता है, दस साल में वो लस्सुन चीन की राजधानी बीजिंग में चीनी लोग खाएं।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने रैली में मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। राहुल ने कहा कि 1 साल पहले एमपी की सरकार ने किसानों पर गोली चलवाई। उन्होंने कहा कि पूरे देश में किसान अपना हक मांग रहा है, चिल्ला रहा है और आत्महत्या कर रहा है। राहुल ने कहा कि चाहे वह पीएम मोदी की सरकार हो या फिर किसी भी राज्य में बीजेपी की सरकार को इनके दिलों में किसानों के लिए जगह नहीं है।

राहुल ने कहा- "मुझे बताया गया कि 1200 किसानों ने मध्यप्रदेश में आत्महत्या की है। एक के बाद एक मंदसौर के किसान आत्महत्या कर रहे हैं। क्या हिंदुस्तान में सबसे अमीर लोगों ने लाखों करोड़ का एनपीए है। 2.5 लाख करोड़ मोदी ने खुद उनको दिया। क्या इन लोगों के परिवारों में किसी ने आत्महत्या की? किसान को बताया जाता है कि कर्ज है, जाओ आत्महत्या करो। हिंदुस्तान के सबसे अमीर लोगों पर लाखों-करोड़ों का कर्ज होता है। कहते हैं आप माल्या है, ललित मोदी हैं, नीरव मोदी हैं हमसे और पैसा लो और भाग जाओ। ना सजा होगी ना कार्रवाई होगी 30 हजार करोड़ नीरव मोदी की जेब में जाएंगे।

इससे पहले वे किसान आंदोलन में मारे गए किसानों के परिजनों से मिलने पहुंचे। उनसे करीब 10 मिनट तक बात की। इस आंदोलन में मारे गए किसान अभिषेक पाटीदार के परिवार ने आरोप लगाया है कि सरकार के अफसर उन पर राहुल से मुलाकात न करने और सभा में न जाने का दवाब बना रहे हैं। परिवार वालों ने बताया- एसडीएम ने हमें राहुल से न मिलने की हिदायत दी।

Similar News