नई दिल्ली : अमित शाह को दोबारा बीजेपी की कमान मिल गयी है। रविवार को एक बार फिर बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया। उनका कार्यकाल तीन वर्ष का होगा।
पार्टी मुख्यालय में अमित शाह ने 17 सेट्स में नामांकन दाखिल किया। आवेदन पत्र की जांच के बाद उनके नाम का ऐलान कर दिया गया। बीजेपी अध्यक्ष पद पर दोबारा ताजपोशी के बाद पार्टी मुख्यालय में जमकर जश्न मनाया जा रहा है।
Amit Shah re-elected as national BJP President. pic.twitter.com/IbuyI9Ck9Y
— ANI (@ANI_news) January 24, 2016
आपको बता दें पीएम मोदी के बेहद भरोसेमंद माने जाने वाले शाह को जुलाई 2014 में उस वक्त अध्यक्ष चुना गया था, जब राजनाथ सिंह केंद्रीय गृह मंत्री बना दिए गए थे। अमित शाह अभी तक राजनाथ सिंह के अध्यक्ष कार्यकाल के शेष अवधि में अपने कर्तव्यों का निर्वाह कर रहे थे। शाह के प्रेसिडेंट रहते बीजेपी महाराष्ट्र, हरियाणा, झारखंड और जम्मू-कश्मीर में जीती थी। लेकिन दिल्ली और बिहार के असेंबली इलेक्शन में उसे करारी हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने उत्तर प्रदेश के इंचार्ज के रूप में बीजेपी को 71 और सहयोगी पार्टी अपना दल को 2 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दिलवाई थी।
Celebrations outside BJP Headquarters in Delhi, Amit Shah re-elected as national BJP President. pic.twitter.com/kZu14rzspg
— ANI (@ANI_news) January 24, 2016
अमित शाह के प्रस्तावकों में पीएम मोदी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, जे पी नड्डा, मुख्तार अब्बास नकवी, नितिन गडकरी, मनोहर पर्रिकर और सभी भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल थे।
आने वाला समय अमित शाह के लिए चुनौतियों से भरा है। क्योंकि इस साल पश्चिम बंगाल, केरल और तमिलनाडु में इलेक्शन होना है। उसके बाद पंजाब और यूपी के इलेक्शन हैं। सरकार की पॉलिसी को भी जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी।