श्रीनगर : उत्तर कश्मीर में कुपवाड़ा जिले के एक घर में छिपे आतंकवादियों के साथ आज सुबह से सुरक्षा बलों की मुठभेड़ अब खत्म हो गई है। सेना ने आज इस ऑपरेशन में चार आतंकियों को मार गिराया है। ये सभी आतंकवादी एक घर में छिपे थे। सेना के इस ऑपरेशन में दो जवान भी शहीद हो गए हैं।
खुफिया सूचना के आधार पर राज्य पुलिस, सेना और विशेष अभियान समूह के जवानों ने कुपवाड़ा के मरसेरी चोकीबाल गांव में संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान सुरक्षा बल एक घर में छिपे आतंकवादियों की ओर बढ़े तो आतंकवादियों ने उन पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान सेना का एक जवान घायल हो गया।
आतंकवादियों के भागने के सभी रास्तों को बंद कर दिया गया। नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अंधेरा होने के साथ अभियान को रोक दिया गया। आतंकवादियों के खिलाफ इस अभियान को आज सुबह फिर शुरू किया गया।