RTI : पीएम मोदी के आवास 7RCR से भी बड़ा है सोनिया गांधी का घर 10 जनपथ

Update: 2015-12-31 05:36 GMT




नई दिल्ली : सोनिया गांधी का मौजूदा घर 10 जनपथ देश के नेताओं में सबसे बड़ा है। इतना ही नहीं उनका निवास 10 जनपथ प्रधानमंत्री के निवास 7 रेस कोर्स से भी बड़ा है। इसका खुलासा एक आरटीआई अर्जी के जवाब में हुआ।

राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के आवास ही सोनिया के बंगले से बड़े हैं। खास बात यह है कि राष्ट्रपति भवन, उपराष्ट्रपति भवन और 7 आरसीआर आधिकारिक आवास हैं, लेकिन सोनिया का 10 जनपथ स्थित आवास उनको बतौर सांसद आवंटित किया गया है।

सेंट्रल पब्लिक डिपार्टमेंट के अनुसार प्रधानमंत्री निवास 14,101 वर्ग मीटर में बना है वहीं गांधी निवास 15,181 वर्ग मीटर के क्षेत्र में फैला है जो 7RCR के मुकाबले काफी बड़ा है। 320 एकड़ में फैला राष्ट्रपति भवन बाकी सभी आधिकारिक घरों से बड़ा है। यहां तक कि यह दुनिया में किसी भी राष्ट्राध्यक्ष के घर से बड़ा है। वहीं 6 मौलाना आजाद रोड पर स्थित उप-राष्ट्रपति निवास 26,33.49 वर्ग मीटर में बना है। यह जानकारी देव आशीष भट्टाचार्य द्वारा दायर RTI अर्जी के तहत दी गई है।

इसके अलावा कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का 12 तुगलक लेन स्थित आवास 5,022.58 स्क्वेयर मीटर में बना है। इसके अलावा प्रियंका वाड्रा का 35 लोधी एस्टेट स्थित आवास 2,765.18 स्क्वेयर मीटर में बसा है। हालांकि हिमाचल सरकार ने यह कहते हुए प्रियंका गांधी से जुड़ी संपत्तियों की जानकारी देने से इनकार किया है कि उन्हें एसपीजी सुरक्षा हासिल है और ऐसा करना प्रोटोकॉल का उल्लंघन होगा।

आपको बतादें लाल बहादुर शास्त्री जब प्रधानमंत्री थे तो वो यहीं रहते थे। इंदिरा गांधी की हत्या के बाद राजीव गांधी का परिवार 10 जनपथ में शिफ्ट हुआ। तब से ही यहां गांधी परिवार रह रहा है।

Similar News