इराक से 38 भारतीयों के शव लेकर लौटे विदेश राज्यमंत्री वीके सिंह, पहले अमृतसर पहुंचा विमान!

उत्तरी इराक में ताबूतों को विमान में चढ़ाये जाने पर भारत के विदेश राज्य मंत्री वी के. सिंह ने उन्हें सलामी दी।

Update: 2018-04-02 10:02 GMT
नई दिल्ली : इराक के मोसुल में बंधक बना कर मार डाले गए 38 भारतीय मजदूरों के शव भारतीय अधिकारियों को सौंप दिए गए हैं। विदेश राज्यमंत्री वीके सिंह 38 भारतीयों के शव लेकर भारत आ गए हैं। शव लेकर भारतीय वायुसेना का विमान सबसे पहले पंजाब के अमृतसर पहुंचा। इराक में मारे गए भारतीयों के शव वापस लाने के बाद विदेश राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह ने मीडिया से बात की।

इसके बाद विमान कोलकाता के लिए उड़ान भरेगा, जहां शाम 5.30 बजे पहुंचेगा। यहां से विमान सीधे पटना जाएगा और रात करीब 8.30 बजे यहां पहुंच जाएगा।

अमृतसर में पंजाब सरकार की तरफ से कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू पार्थिव शरीर लेने एयरपोर्ट पहुंचे थे। जिसके बाद स्थानीय प्रशासन की मदद से शवों को उनके परिवार वालों तक पहुंचाया गया। बता दें कि इराक में जान गंवाने वालों में सबसे ज्यादा 27 लोग पंजाब के ही थे।

उत्तरी इराक में ताबूतों को विमान में चढ़ाये जाने पर भारत के विदेश राज्य मंत्री वी के. सिंह ने उन्हें सलामी दी। सिंह ने आतंकवादियों की आलोचना की और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अपनी सरकार के रुख को जाहिर किया। आईएस को ''बेहद क्रूर संगठन'' बताते हुए उन्होंने कहा कि हमारे देश के नागरिक आईएस की गोलियों के शिकार हुए हैं। उन्होंने कहा, ''हमलोग हर तरह के आतंकवाद के खिलाफ हैं।''

बता दें कि साल 2014 में उत्तरी मोसुल शहर पर कब्जा करने के तुरंत बाद आईएस ने इन मजदूरों को अगवा कर लिया था।


Similar News