चंद्रयान-2 की लॉन्चिंग को PM मोदी ने देखा लाइव, ट्वीट कर बोले- ये गर्व का समय

इस मिशन में चंद्रयान-2 के साथ कुल 13 स्वदेशी पे-लोड यान वैज्ञानिक उपकरण भेजे जा रहे हैं।

Update: 2019-07-22 10:48 GMT

भारत के चंद्रमा पर दूसरे मिशन चंद्रयान-2 (Chandrayaan 2 Launching Today) का प्रक्षेपण सोमवार को किया गया। चंद्रयान-2 का प्रक्षेपण 22 जुलाई को दोपहर बाद दो बजकर 43 मिनट पर किया गया। इससे पहले 15 जुलाई को तड़के दो बजकर 51 मिनट पर इसे लांच किया जाना था लेकिन प्रक्षेपण यान में गड़बड़ी के कारण प्रक्षेपण से एक घंटे पहले उसे टालने का फैसला किया गया था। उस समय मिशन की करीब 19 घंटे की उलटी गिनती पूरी हो गयी थी।

चंद्रयान के प्रक्षेपण के लिए जीएसएलवी-एमके3 प्रक्षेपण यान का इस्तेमाल किया जा रहा है। यह दुनिया का पहला मिशन है जिसमें लैंडर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरेगा। इस मिशन के मुख्य उद्देश्यों में चंद्रमा पर पानी की मात्रा का अनुमान लगाना, उसके जमीन, उसमें मौजूद खनिजों एवं रसायनों तथा उनके वितरण का अध्ययन करना और चंद्रमा के बाहरी वातावरण की ताप-भौतिकी गुणों का विश्लेषण है। उल्लेखनीय है चंद्रमा पर भारत के पहले चंद्र मिशन चंद्रयान-1 ने वहां पानी की मौजूदगी की पुष्टि की थी। इस मिशन में चंद्रयान-2 के साथ कुल 13 स्वदेशी पे-लोड यान वैज्ञानिक उपकरण भेजे जा रहे हैं। 

चंद्रयान-2 की लॉन्चिंग पर प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया कि आज हर भारतीय को गर्व है। उन्होंने लिखा कि चंद्रयान 2 अद्वितीय है क्योंकि यह चांद के दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र पर अध्ययनों का पता लगाएगा। यह मिशन चंद्रमा के बारे में नया ज्ञान देगा।


केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने चंद्रयान 2 की लॉन्चिंग पर ISRO को बधाई दी। उन्होंने ट्वीट किया 'टीम ISRO ने चंद्रमा के लिए इस महत्वाकांक्षी और स्वदेशी मिशन के शुभारंभ के साथ भारत के अंतरिक्ष इतिहास में एक नया अध्याय लिखा। राष्ट्र को अपने वैज्ञानिकों और टीम इसरो पर बहुत गर्व है।'




Tags:    

Similar News