मोदी के मंत्री बोले, 'इतने बड़े देश में रेप की एक-दो घटना हो जाए तो बतंगड़ नहीं बनाना चाहिए'

'सरकार सक्रिय है सब जगह, कार्यवाही कर रही है। इतने बड़े देश में एक दो घटना हो जाए तो बात का बतंगड़ नहीं बनाना चाहिए।'

Update: 2018-04-22 05:35 GMT
नई दिल्ली : रेप की घटनाओं को लेकर जहां देश में हर व्यक्ति के मन में आक्रोश है। वहीं मोदी सरकार के मंत्री संतोष गंगवार ने एक ऐसा बयान दिया है जिस पर हंगामा मच सकता है। संतोष गंगवार ने कहा है कि रेप की घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण होती हैं, पर कभी-कभी रोका नहीं जा सकता है। सरकार सक्रिय है सब जगह, कार्यवाही कर रही है। इतने बड़े देश में एक दो घटना हो जाए तो बात का बतंगड़ नहीं बनाना चाहिए।
आपको बतादें कि केंद्र सरकार ने शनिवार को इस संबंध में अध्यादेश को मंजूरी दे दी। राष्ट्रपति से मंजूरी मिलते ही यह कानून अमल में आ जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली केबिनेट ने पॉक्सो एक्ट में बदलाव से जुड़े आपराधिक कानून संशोधन अध्यादेश, 2018 को मंजूरी दी। अब तक 12 साल से कम उम्र की बच्चियों से रेप के मामले में अधिकतम सजा उम्रकैद थी।
उधर, 2012 दिल्ली गैंगरेप पीड़िता की मां आशा देवी ने पॉक्सो ऐक्ट में संशोधन के लिए अध्यादेश के सरकार के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा, 'यह 12 साल से कम उम्र की नाबालिग (रेप पीड़ितों) के लिए एक अच्छा कदम है पर उनका क्या जिनकी उम्र ज्यादा है? रेप से बड़ा जघन्य अपराध दूसरा नहीं होता, इससे बड़ा दर्द नहीं होता। हर रेपिस्ट को फांसी की सजा होनी चाहिए।'

Similar News