कमला मिल्स अग्निकांड : हेमा मालिनी का अजीब बयान, 'बढ़ती आबादी के चलते होते हैं ऐसे हादसे'

भारतीय जनता पार्टी सांसद हेमा मालिनी ने ऐसा बयान दिया है जिसपर विवाद हो सकता है।

Update: 2017-12-29 13:58 GMT
नई दिल्ली : मुंबई के कमला मिल्स आगजनी को लेकर राजनीतिक दलों के बीच जुबानी जंग जारी है। इस बीच अभिनेत्री और भारतीय जनता पार्टी सांसद हेमा मालिनी ने ऐसा बयान दिया है जिसपर विवाद हो सकता है। उन्होंने मुंबई के कमला मिल्स हादसे के लिए बढ़ती जनसंख्या को जिम्मेदार ठहराया और पुलिस की तारीफ की।

मथुरा से सांसद हेमा मालिनी ने कहा, 'यह ऐसा मामला नहीं है कि पुलिस अपना काम नहीं कर रही। उसने बहुत अच्छा काम किया। लेकिन आबादी बहुत अधिक है। बॉम्बे जहां खत्म होता है, वहां से दूसरा शहर शुरू होना चाहिए, लेकिन इस शहर का लगातार विस्तार हो रहा है।

उन्होंने कहा, 'बड़े शहरों में बढ़ती भीड़ पर नियंत्रण करना होगा। हर एक शहर की जनसंख्या पर एक नियंत्रण होना चाहिए, अगर शहर में जनसंख्या ज्यादा हो गया तो अनुमति नहीं दी जानी चाहिए और उन्हें दूसरे शहर में भेजा जाना चाहिए।'

आपको बता दें मुंबई के पब में शुक्रवार तड़के लगी भयंकर आग में 14 लोगों की मौत हो गई और 23 अन्य घायल हो गए। मारे गए लोगों में अपना जन्मदिन मना रही युवती भी शामिल है। पीड़ितों में खुशबू जयेस भंसाली (29) नाम की युवती भी शामिल है, जो दोस्तों के साथ रेस्तरां में अपना जन्मदिन मनाने गई थी। उसके परिवार ने इसकी पुष्टि की है। अधिकांश लोगों की मौत दम घुटने से हुई। आग ने आसपास के दूसरे प्रतिष्ठानों को भी अपनी गिरफ्त में ले लिया था। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) आपदा नियंत्रण के मुताबिक, दक्षिण मुंबई के लोअर परेल क्षेत्र में स्थित पॉश कमला ट्रेड हाउस में रूफटॉप रेस्तरां पब बिस्ट्रो द मोजो में देर रात 12.30 बजे आग लगने की खबर मिली।

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख -
आग तेजी से फैली और पास में स्थित एक अन्य पब और रेस्तरां को अपनी चपेट में ले लिया। यह सभी कमला मिल परिसर में स्थित हैं। आग फैलने से 200 से अधिक लोग परिसर में फंस गए। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उप-राष्ट्रपति एम.वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। शिवसेना सांसद अरविंद सावंत ने मामले को लोकसभा में उठाते हुए इसकी न्यायिक जांच की मांग की है।

Similar News