मुंबई: अभिनेता इरफान खान ने कुर्बानी से जुड़े अपने बयान पर मिल रही आलोचना का जवाब देते हुए कहा है कि वह 'धर्मगुरुओं से नहीं डरते' क्योंकि वह धार्मिक ठेकेदारों द्वारा चलाए जा रहे देश में नहीं रहते हैं।
दरअसल इरफान खान की कुर्बानी पर सवाल उठाती हुई टिप्पणी पर कुछ धर्मगुरुओं ने तीखा जवाब देते हुए उनसे सिर्फ अपने काम पर ध्यान देने को कहा है। लेकिन इरफान ने शनिवार को इसके जवाब में फेसबुक पर लिखी एक पोस्ट में कहा कि वह धर्मगुरुओं द्वारा चलाए जाने वाले देश में नहीं रह रहे हैं।
इरफान ने लिखा, भाइयों, जो भी मेरे बयान से दुखी हैं, या तो आप आत्मविश्लेषण के लिए तैयार नहीं हैं, या फिर आपको निष्कर्ष तक पहुंचने की बहुत जल्दी है।
मेरे लिए धर्म व्यक्तिगत आत्मविश्लेषण है, यह करुणा, ज्ञान और संयम का स्रोत है, यह रूढ़ीवादिता और कट्टरता नहीं है। धर्मगुरुओं से मुझे डर नहीं लगता। शुक्र है भगवान का कि मैं धर्म के ठेकेदारों द्वारा चलाए जाने वाले देश में नहीं रहता।'