मुंबई: सलमान खान और विवेक ओबेरॉय के बीच ऐश्वर्या राय को लेकर जो बवाल हुआ था, उससे तो आप वाकिफ ही होंगे। ऐसे में फिल्म 'सुल्तान' को लेकर सलमान की खुलकर तारीफ करते विवेक को देख कोई भी एक पल को हैरान रह जाएगा। आपको बता दें कि 'सुल्तान' में सलमान ने एक रेसलर की भूमिका निभाई है और यह पूरी फिल्म रेसलिंग पर बेस्ड है।
विवेक ने सलमान की ओर इशारा करते हुए कहा कि यह देखकर अच्छा लगता है कि कोई बड़ा स्टार सामने आकर इस तरह के बिल्कुल अलग रोल निभाता है और बिल्कुल अलग विषय उठाता है। उन्होंने कहा, हमें हर अच्छी फिल्म की सराहना करनी चाहिए और एक सफल फिल्म के लिए खुश होना चाहिए, क्योंकि हम सब एक इंडस्ट्री से हैं।
वैसे विवेक ने कहा, मैंने 'सुल्तान' नहीं देखी है, मगर मैंने सुना है कि यह एक शानदार फिल्म है। जब मैंने इसका ट्रेलर देखा तो मुझे यह पसंद आया। फिल्म की शानदार सफलता के लिए मैं पूरी टीम के लिए सचमुच में बहुत खुश हूं, क्योंकि यह इंडस्ट्री के लिए अच्छी बात है।
साथ ही विवेक ने यह भी कहा कि वह जरूर थिएटर जाएंगे और 'सुल्तान' देखेंगे। वैसे विवेक इन दिनों 15 जुलाई को रिलीज हो रही अपनी फिल्म 'ग्रेट ग्रैंड मस्ती' की रिलीज को लेकर उत्साहित हैं। हालांकि यह फिल्म पहले ही ऑनलाइन लीक हो चुकी है और इसका खामियाजा शायद इनको भुगतना पड़े।