बांग्लादेश: भारी बारिश और भूस्खलन के चलते बिगड़े हालात, मरने वालों की संख्या पहुंची 137

Due to heavy rains and landslides 137 deaths in Bangladesh

Update: 2017-06-14 09:18 GMT
ढाका: बांग्लादेश में भारत की सीमा से लगते सुदूर पहाड़ी जिलों में मानसून की भारी बारिश के बाद भूस्खलन में मरने वालों की संख्या 137 पर पहुंच गई है। इसी के साथ राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाते हुए बुधवार को नये सिरे से बचाव अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों ने बताया कि दक्षिणपूर्वी चटगांव, बंदरबन और रंगामाटी पहाड़ी जिले इस प्राकृतिक आपदा से सर्वाधिक प्रभावित हैं। उन्होंने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि अभी भी बड़ी संख्या में लोग लापता हैं।

सबसे अधिक प्रभावित जिला रांगामाटी रहा जहां करीब 100 लोगों की मौत हुई है जिनमें चार सैन्य अधिकारी भी शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बांग्लादेश में आई इस आपदा पर दुख व्यक्त किया है। मोदी ने ट्वीट किया कि वह बांग्लादेश में भूस्खलन की वजह से हुई मौतों के प्रति वह अपना दुख व्यक्त करते हैं। भारत इस दुख की घड़ी में बांग्लादेश के साथ है।

बंगाल की खाड़ी में दबाव का क्षेत्र बनने के कारण सोमवार से ही तेज बारिश हो रही है और इसके कारण पिछले तीन दिन में अनेक स्थानों पर भूस्खलन हुआ है। आपदा प्रबंधन मंत्रालय के नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने बताया कि अभी तक कम से कम 129 लोगों की मौत हो चुकी है और कई अभी भी लापता हैं। बचाव कार्य अभी चल रहा है। उन्होंने बताया कि बेघर हो गए 4000 लोगों को 18 सरकारी आश्रय स्थलों पर भेजा गया है। बचाव कार्यों में लगे सेना के कई जवान भी मारे गए हैं।

Similar News