उपराष्ट्रपति चुनाव LIVE: वेंकैया नायडू v/s गोपालकृष्‍ण गांधी, 98% हुआ मतदान, काउंटिंग शुरू

Update: 2017-08-05 12:45 GMT

नई दिल्ली : भारत के 15वें उपराष्ट्रपति पद के लिए जारी वोटिंग समाप्त हो चुकी है। उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनावी मैदान में NDA की ओर से वेंकैया नायडू हैं तो वहीं विपक्ष की ओर से गांधीजी के पौत्र गोपालकृष्ण गांधी उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार हैं।

वोटिंग समाप्त होने तक उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए 98% मतदान हुआ है। उपराष्ट्रपति चुनाव में लोकसभा और राज्यसभा के सभी सदस्य वोट करते हैं। कुल वोटों की संख्या 790 हैं। मतदान आज सुबह 10 बजे से शुरू हुआ था जोकि शाम 5 बजे तक चला। अभी इन वोटों की गिनती चल रही है, शाम 7 बजे तक परिणाम भी आ जाने की उम्मीद है।

उपराष्ट्रपति चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले मतदान किया था। NDA की ओर से उम्मीदवार वेंकैया नायडू, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मुख्‍यमंत्री मनोहर पर्रिकर, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने वोट डाला। इसके अलावा राज्‍यसभा सांसद सचिन तेंदुलकर और बीजेपी की लोकसभा सदस्‍य हेमा मालिनी ने भी वोट डाला।

कांग्रेस उपाध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी आैर पूर्व प्रधानमंत्री डाॅ मनमोहन सिंह भी उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग करने पहुंचे। उनके साथ गोपाल कृष्‍ण गांधी भी आए। लेकिन गोपाल कृष्‍ण गांधी वोट नहीं दे सकते क्‍योंकि वह किसी भी सदन के सदस्‍य नहीं है। इस वोटिंग में महिला सांसदों ने भी पूरा उत्साह दिखाया।

हालांकि NDA के उम्मीदवार वेंकैया नायडू का उपराष्ट्रपति बनना लगभग तय है। बहुमत का आंकड़ा उनके पक्ष में है। इस लिहाज से वह देश के 15वें उपराष्‍ट्रपति बनने जा रहे हैं।

बता दें कि उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में पहली बार नोटा का इस्तेमाल किया गया। इस चुनाव में बैलट पेपर पर कोई चुनाव चिन्‍ह नहीं होता बल्कि उम्‍मीदवारों के नाम होते हैं। एक विशेष पेन के इंक का ही वोटिंग के लिए इस्‍तेमाल होता है।

Similar News