उपराष्ट्रपति चुनाव LIVE: वेंकैया नायडू Vs गोपालकृष्‍ण गांधी, अब तक कुल 703 वोट पड़े

Update: 2017-08-05 08:22 GMT

नई दिल्ली : भारत के 15वें उपराष्ट्रपति पद के लिए आज वोटिंग जारी है। उपराष्ट्रपति चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले मतदान किया। NDA की ओर से उम्मीदवार वेंकैया नायडू ने भी वोट डाला। वोट डालने सांसद एक एक करके पहुंच रहे।

जानकारी के मुताबिक उपराष्ट्रपति चुनाव में अब तक कुल 703 वोट पड़े है। उपराष्ट्रपति चुनाव में लोकसभा और राज्यसभा के सभी सदस्य वोट करते हैं। कुल वोटों की संख्या 790 हैं। मतदान आज सुबह 10 बजे से शुरू हुआ और शाम 5 बजे तक चलेगा। इसके बाद वोटों की गिनती होगी और शाम 7 बजे तक परिणाम भी आ जाने की उम्मीद है।

उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनावी मैदान में NDA की ओर से वेंकैया नायडू हैं, तो वहीं विपक्ष की ओर से गांधीजी के पौत्र गोपालकृष्ण गांधी उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार हैं। हालांकि NDA के उम्मीदवार वेंकैया नायडू का उपराष्ट्रपति बनना लगभग तय है। बहुमत का आंकड़ा उनके पक्ष में है। इस लिहाज से वह देश के 15वें उपराष्‍ट्रपति बनने जा रहे हैं।

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी वोट डालने पहुंचे थे। वोट डालने के बाद योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से भी मुलाकात किए। गोवा के मुख्‍यमंत्री मनोहर पर्रिकर और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी वोट डाला। इसके अलावा राज्‍यसभा सांसद सचिन तेंदुलकर और बीजेपी की लोकसभा सदस्‍य हेमा मालिनी ने भी वोट डाला।

कांग्रेस उपाध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी आैर पूर्व प्रधानमंत्री डाॅ मनमोहन सिंह भी उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग करने पहुंचे। उनके साथ गोपाल कृष्‍ण गांधी भी आए। लेकिन गोपाल कृष्‍ण गांधी वोट नहीं दे सकते क्‍योंकि वह किसी भी सदन के सदस्‍य नहीं है। इस वोटिंग में महिला सांसदों ने भी पूरा उत्साह दिखाया। विपक्ष के उम्मीदवार गोपाल कृष्ण गांधी ने कहा कि, 'यह लड़ाई संवैधानिक सिद्धातों की है। NDA के प्रत्याशी अनुभवी व्यक्ति हैं। हमारे बीच में कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है।'

बता दें कि उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में पहली बार नोटा का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस चुनाव में बैलट पेपर पर कोई चुनाव चिन्‍ह नहीं होता बल्कि उम्‍मीदवारों के नाम होते हैं। एक विशेष पेन के इंक का ही वोटिंग के लिए इस्‍तेमाल होता है। आपको ये भी बता दें मौजूदा उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी का कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त हो रहा है। वह लगातार दो बार इस पद पर रह चुके हैं।

Similar News