लसिथ मलिंगा को खेलमंत्री की तुलना 'बंदर' से करनी पड़ी भारी, 6 महीने का लगा बैन

लसिथ मलिंगा पर श्री लंका क्रिकेट बोर्ड की विशेष जांच पैनल ने अनुबंध संबंधी उल्लंघन मामले में छह माह का प्रतिबंध और अगले वनडे मैच की फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना भी लगा है..;

Update: 2017-06-28 08:54 GMT
कोलंबो : श्री लंका के तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा पर श्री लंका क्रिकेट बोर्ड की विशेष जांच पैनल ने अनुबंध संबंधी उल्लंघन मामले में छह माह का प्रतिबंध और अगले वनडे मैच की फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना भी लगा है। वेबसाइट 'ईएसपीएनक्रिकइन्फो डॉट कॉम' की रिपोर्ट के अनुसार, श्री लंका क्रिकेट बोर्ड द्वारा की गई अनुशासनात्मक जांच में मलिंगा को अनुबंध मामले के उल्लंघन का दोषी पाया गया। श्री लंका क्रिकेट बोर्ड के इस फैसले का हालांकि, जिम्बाब्वे सीरीज में गेंदबाज की उपस्थिति पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

मलिंगा को अपने देश के खेल मंत्री दयासिरी जयशेखरा के खिलाफ कुछ टिप्पणियां करने के लिये श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) की अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना करना होगा। यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार बोर्ड ने इसके लिये तीन सदस्यीय पैनल गठित किया है जिसमें एसएलसी सचिव मोहन डिसिल्वा और सीईओ एश्ले डिसिल्वा भी शामिल हैं।

आपको बता दें कि श्रीलंका के चैंपियंस ट्रॉफी से जल्दी बाहर होने के बाद जयशेखरा ने खिलाड़ियों के फिटनेस स्तर पर सवाल उठाए थे और कहा था कि भविष्य का चयन क्रिकेटरों की फिटनेस पर निर्भर करेगा। जिसके बाद 33 वर्षीय मलिंगा ने कहा था कि उन्हें ऐसे लोगों की आलोचनाओं से कोई फर्क नहीं पड़ता जो केवल बैठकर अपनी कुर्सियां गर्म कर रहे हैं।

उन्‍होंने कहा था, एक बंदर को तोते के घोंसले के बारे में क्या पता होगा? ऐसा लग रहा है कि एक बंदर तोते के घोंसले में ही बैठकर उसी घोंसले के बारे में बोल रहा हो। मलिंगा के इस जवाब के बाद जयासेकारा ने कहा था, मैंने टीम के खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर की गई आलोचना में मलिंगा का नाम नहीं लिया था, लेकिन उन्होंने सार्वजनिक रूप से मेरा अपमान किया है।

पहले दो वनडे मैचों के लिए उनके नाम को 13 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। उल्लेखनीय है कि एसएलसी ने कहा था कि मलिंगा ने 19 जून और उसके बाद 21 जून को दो बार करार के नियम का उल्लंघन किया, जिसके चलते बोर्ड को उनके खिलाफ जांच बिठानी पड़ी। 

Similar News