IndvsWI: 3rd ODI, वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर लिया पहले गेंदबाजी का फैसला

भारत-वेस्टइंडीज के बीच पांच वनडे सीरीज का तीसरा मैच शुरू हो चुका है। मुकाबले में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है।;

Update: 2017-06-30 13:55 GMT
वेस्टइंडीज: भारत-वेस्टइंडीज के बीच पांच वनडे सीरीज का तीसरा मैच शुरू हो चुका है। मुकाबले में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। शुरुआती दो मैचों में हार का सामना करने वाली वेस्टइंडीज, भारत के खिलाफ तीसरे मैच में आज जीत से कम कुछ भी नहीं चाहेगी।
वहीं, भारत अपने विजयी क्रम को जारी रखने की पुरजोर कोशिश करेगा। पांच एकदिवसीय मैचों की सीरीज का तीसरा मैच नॉर्थ साउंड स्टेडियम में खेला जा रहा है। पहला मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था, वहीं दूसरे मैच में भारत ने वेस्टइंडीज को 105 रनों से मात दी थी।
वेस्टइंडीज के लिए इस श्रृंखला में जीत बेहद अहम है, क्योंकि 2019 में होने वाले विश्व कप में सीधे प्रवेश के लिए उसके पास यह संभवत: आखिरी मौका है। आगामी 30 सितंबर तक ICC एकदिवसीय टीम रैंकिंग में मेजबान इंग्लैंड के अलावा शीर्ष सात टीमें विश्व कप में सीधे प्रवेश की हकदार होंगी। बाकी टीमों को क्वालीफायर टूर्नामेंट में खेलना होगा। ऐसे में विंडीज पर गहरा संकट मंडरा रहा है। उसे हर हाल में जीत की जरूरत है, लेकिन उसके प्रदर्शन और सामने भारत जैसी मजबूत टीम को देखकर जीत काफी दूर नजर आती है।
भारतीय टीम इस समय बेहद संतुलित है। उसके बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। दूसरे मैच में शिखर धवन और अजिंक्य रहाणे ने टीम को बेहतरीन शुरुआत दी थी। रहाणे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा था। वहीं कोहली का बल्ला भी रन उगल रहा है। गेंदबाजी में भी भारत ने अच्छा प्रदर्शन किया था। चाइनामैन कुलदीप यादव ने पिछले मैच में तीन विकेट लिए थे। वहीं भुवनेश्वर और उमेश ने टीम को अच्छी शुरुआत दी थी।
मेजबान टीम के लिए सबसे बड़ा संकट यह है कि न ही उसकी बल्लेबाजी चल रही है, न ही गेंदबाजी। पिछले मैच में शाई होप ने अर्धशतक जड़ा था, लेकिन उनके अलावा कोई और बल्लेबाज विकेट पर टिक नहीं सका था। गेंदबाजी में भी उसका कोई ऐसा गेंदबाज उभर कर सामने नहीं आया है जो भारतीय बल्लेबाजों पर लगाम लगा सके। अल्जारी जोसेफ और कप्तान जेसन होल्डर से टीम को उम्मीदें होंगी।

Similar News