नालंदा: विषाक्त प्रसाद खाकर 60 बच्चे बीमार, अस्पताल में भर्ती

नालंदा जिले में विषाक्त प्रसाद खाने से 60 से अधिक बच्चों के बीमार होने की खबर मिल रही है। सभी बच्चों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भरती कराया गया है।;

Update: 2017-06-30 11:46 GMT
नालंदा: बिहार के नालंदा जिले में विषाक्त प्रसाद खाने से 60 से अधिक बच्चों के बीमार होने की खबर मिल रही है। जानकारी के मुताबिक सभी बच्चों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भरती कराया गया है। कई बच्चों की स्थिति नाजुक बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के लालबाग में एक घर में शादी थी। शुक्रवार को वहां सत्यनारायण भगवान की कथा का आयोजन किया गया था। कथा के बाद बच्चों ने प्रसाद ग्रहण किया और उसके बाद उनकी तबीयत खराब होने लगी।

बिहारशरीफ के खंड विकास अधिकारी (BDO) ने बताया कि प्रसाद खाने वाले सभी बच्चों ने बाद में जी मिचलाने, उल्टी और पेट दर्द की शिकायत की। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों ने सभी बीमार लोगो के खतरे से बाहर होने की बात कही है। उन्होंने आशंका जताई है कि यह फुड प्वायजनिंग का मामला हो सकता है।
जैसे ही विशाक्त प्रसाद खाने से एक साथ 60 लोगों की बीमार होने की सूचना मिली वैसे ही सदर अस्पताल में डाक्टरों की फौज खड़ी कर दी गई। ड्यूटी समाप्त होने के बाद घर गए डॉक्टरों को भी तत्काल बुला लिया गया।
सभी ने मिलकर बच्चों का तत्काल इलाज किया गया। वहीं स्वास्थ्यकर्मी व एनएनएम स्कूल की छात्रा भी पूरी मुस्तैदी से मरीजों का इलाज करते देख गए। डीएस डॉ शैलेन्द्र खुद ही बीमार लोगों के साथ चिकित्सकों की मॉनीटरिंग कर रहे थे।

Similar News