बिहार में बाढ़ का कहर जारी, अब तक 77 लोगों की मौत, 74 लाख लोग प्रभावित

Update: 2017-08-17 06:30 GMT

बिहार : बिहार में बाढ़ का कहर लगातार जारी है। बाढ़ से मरने वालो की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। आपदा विभाग की तरफ से जारी आंकड़े के मुताबिक अब तक 77 लोगों की जान जा चुकी है। बाढ़ से 74 लाख लोग प्रभावित है। वहीं अररिया में सबसे ज्यादा 20 लोगों की मौत की ख़बर है।

बिहार के 14 जिलों में बाढ़ से 110 प्रखंडों के 1151 पंचायत बुरी तरह से प्रभावित हैं। राज्य के 73.44 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं जबकि अब तक लगभग 3 लाख लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। राज्य में बाढ़ पीड़ितों के लिए 504 राहत शिविरों चलाये जा रहे हैं।

बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत और बचाव का काम जारी है। एनडीआरएफ़ की टीमें और एसडीआरएफ़ की टीमें बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। सीएम नीतीश कुमार ने मंगलवार को बाढ़ ग्रस्त इलाक़ों का हवाई सर्वेक्षण किया था।

आपदा विभाग की तरफ से जारी आंकड़े के मुताबिक बाढ़ से प्रभावित जिलों पर नजर डाले तों किशनगंज में 8, अररिया में 20, पूर्णिया में 10, पूर्वी चंपारण में 3, पश्चिमी चंपारण में 9, दरभंगा में चार, मधुवनी में 5, सीतामढ़ी में 11, शिवहर में दो, सुपौल में एक, मधेपुरा में चार लोगों की मौत हो चुकी है।

बाढ़ ग्रस्त कटिहार, मुजफ्फरपुर और गोपालगंज से अब तक किसी के भी मौत की कोई सूचना नहीं है। पटना स्थित बाढ़ नियंत्रण कक्ष के मुताबिक, बिहार की प्रमुख नदियों के जलस्तर में अभी कोई विशेष कमी नहीं हुई है। अभी भी राज्य की कई नदियां खतरे के निशान से उपर बह रही हैं।

Similar News