नई दिल्ली: दिल्ली में यमुना से बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। हरियाणा के हथिनीकुंड से पानी छोड़े जाने और दिल्ली में लगातार हो रही बारिश से यमुना के पानी ने खतरे के निशान को पार कर लिया। यमुना नदी ने 204 मीटर के वॉर्निंग लेवल से ऊपर आकर खतरे के निशान को छू लिया है।
शनिवार की शाम से पानी का बढ़ना शुरू हुआ तो रात तक वो जारी रहा। जिन इलाकों पर सबसे पहले डूबने का खतरा मंडरा रहा है, उन्हें खाली कराने के आदेश दिए जा चुके हैं। अचानक जलस्तर बढ़ने पर एक्शन प्लान की तैयारी भी है। मोटरबोट्स को तैयारी से रहने के लिए कहा गया है। यमुना का जलस्तर बढ़ने से सहमे रेलवे ने भी पुराने पुल का ट्रैफिक रोक दिया है। विभाग यमुना के जल स्तर की पल-पल जानकारी लगातार ले रहा है।
आम आदमी पार्टी सरकार में कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि यमुना के इलाके में 10 बोट गश्त कर रही है। जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच जाने के कारण उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाका से कुछ लोगों को वहां से हटा दिया गया है। मंत्री ने कहा कि आपदा प्रबंधक और कंट्रोल रूम काम कर रहा है। घबराने की जरूरत नहीं क्योंकि जलस्तर कम होगा। आने वाले दिनों में अगर जलस्तर बढ़ता है तो खाने, दवाई और कैंप की तैयारी है। सभी जगह मॉनिटर कर रहे हैं. टीम पूरी तरह तैयार है।