श्रीनगर : कश्मीर के बारामूला के सोपोर इलाके के अमरगढ़ में शनिवार को सुरक्षाबलों ने लश्कर के तीन आतंकियों को मार गिराया। मारे गए आतंकियों के पास से 3 AK-47 राइफल्स और साथ ही कई और हथियार मिले हैं। साथ ही सुरक्षाबलों ने 3 आतंकियों को गिरफ्तार भी किया है।
अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक मारे गए इन आतंकियों में से एक पाकिस्तान का है और दो स्थानीय आतंकी है। इस दौरान सुरक्षाबलों ने आतंकियों को सरेंडर करने का मौका भी दिया लेकिन वे फायरिंग करने लगे। जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में तीनों आतंकी मारे गए।
बता दें शुक्रवार देर रात 2 बजे सेना, पुलिस और सीआरपीएफ ने पक्की खुफिया सूचना के आधार पर पर पहले कासो यानी कार्डन एंड सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान जिस इलाके में संदेह होता है वहां पर सुरक्षाबल पूरे गांव को घेर कर तलाशी लेते है।
इस ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों को एक घर से आतंकियों के छुपे होने का पता चला। जिसके बाद सुरक्षाबलों और आतंकियों के साथ करीब 3 घंटे मुठभेड़ चली। मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने फायरिंग के दौरान तीनों आतंकी को मार गिराए। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस का एक जवान भी घायल हो गया है।