श्रीनगर: घुसपैठ की कोशिश नाकाम, सेना ने मार गिराया तीन आतंकी, सर्च ऑपरेशन जारी
जम्मू कश्मीर के गुरेज सेक्टर में घुसपैठ कर रहे तीन पाकिस्तानी आतंकवादियों को सेना ने मार गिराया है।;
श्रीनगर: जम्मू कश्मीर के गुरेज सेक्टर में घुसपैठ कर रहे तीन पाकिस्तानी आतंकवादियों को सेना ने मार गिराया है। फिलहाल सेना का ऑपरेशन जारी है। सुरक्षाबलों ने कश्मीर में आतंकियों की धरपकड़ के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया हुआ है। रक्षा प्रवक्ता के अनुसार सेना के जवानों ने नियंत्रण रेखा के पास संदिग्ध गतिविधि देखी। जवानों ने घुसपैठियों को ललकारा, जिसके बाद उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि अभी और आतंकियों की तलाश जारी है।
इससे पहले बुधवार को कश्मीर को दारुल-उल-इस्लाम बनाने का नारा देने वाला दुर्दात आतंकी कमांडर जाकिर मूसा दक्षिण कश्मीर के मट्टन (अनंतनाग) में एक मुठभेड़ के दौरान ग्रामीणों की ओर से सुरक्षाबलों पर किए गए पथराव की आड़ में भाग निकला। मूसा को पकड़ने के लिए सुरक्षाबलों ने मट्टन और साथ सटे इलाकों में मूसा के ठिकानों पर दबिश जारी रखी हुई थी।
इससे पहले सेना ने 23 जुलाई की सुबह उत्तर कश्मीर के पुलवामा जिले में स्थित माछिल सेक्टर में आतंकियों की घुसपैठ को नाकाम कर दिया था। सेना को इस दौरान एक आतंकी को मारने में भी सफलता मिली थी। पिछले 6 महीने में जम्मू कश्मीर में 100 से अधिक आतंकी मारे जा चुके हैं। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से पाकिस्तान रह रहकर सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है।