श्रीनगर : कश्मीर घाटी में तनाव को देखते हुए आज सभी स्कूल-कॉलेज को बंद रखने का आदेश दिया गया है। घाटी में इंटरनेट और मोबाइल सेवा को भी बंद कर दिया गया है। कश्मीर में जारी तनाव और खराब होते हालात के बीच मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने मंगलवार को कैबिनेट की आपात बैठक बुलाई है। बैठक में राज्य पुलिस महानिदेशक मुख्यमंत्री को ताजा स्थिति के बारे में जानकारी देंगे।
सोमवार को श्रीनगर समेत कई इलाकों में सुरक्षाबलों पर स्थानीय लोगों ने पत्थराबाजी की। जिसके बाद राज्य प्रशासन ने घाटी में इंटरनेट सेवा ब्लॉक कर दिया। कश्मीर में स्कूल-कॉलेजों को बंद रखने के लिए कहा गया है। राज्य में लगातार स्थिति बिगड़ रही है। जिसके मद्देनजर महबूबा मुफ्ती ने बैठक बुलाई है।
सोमवार को घाटी में स्कूली छात्रों ने सुरक्षा बलों पर पथराव किया था। इससे पहले सेना ने पत्थरबाजों को संदेश देने के लिए एक कश्मीरी युवक को जीप के आगे बांध कर घुमाया था। वीडियो सामने आने के बाद काफी हंगामा हुआ, जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में सेना के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की है।
वहीं, केंद्र सरकार का कहना है कि कश्मीर घाटी में पत्थराबजों से निपटने के लिए अब प्लास्टिक बुलेट का इस्तेमाल किया जाएगा। सुरक्षाकर्मियों को आदेश दिया गया कि पैलेट गन का इस्तेमाल ना करें। केंद्र सरकार की और से 1000 प्लास्टिक बुलेट कश्मीर घाटी में भेजी जा चुकी हैं। कश्मीर घाटी में पत्थरबाजों और उपद्रवियों से निपटने के लिए सुरक्षाकर्मी पहली बार प्लास्टिक बुलेट का इस्तेमाल करेंगे।