पुलवामा आतंकी हमले में 8 जवान शहीद, 2 आतंकी ढेर, मुठभेड़ जारी

Update: 2017-08-26 14:30 GMT
File Photo

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में फिदायीन आतंकियों ने जिला पुलिस लाइन पर हमला कर दिया। जिसके बाद आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई जिसमें भारतीय जवानों ने 2 आतंकवादियों को मार गिराया है। इस दौरान सेना के 8 जवान शहीद हो गए जबकि 5 जवान घायल हैं। पिछले 12 घंटे से अब तक ऑपरेशन जारी है। कहा जा रहा है कि अभी भी दो आतंकी वहां पर मौजूद हैं। हमले की जिम्मेदारी जैश ए मोहम्मद ने ली है।

सुरक्षा बलों ने भी मोर्चा संभालते हुए आतंकियों को रोका, जिसके बाद इलाके में भारी गोलीबारी जारी है। एनकाउंटर के बाद पुलवामा में इंटरनेट की सुविधा बंद कर दी गई है। जिस इलाके में गोलीबारी चल रही है, वहां से सुरक्षाबलों ने करीब 36 परिवारों को निकाल लिया है।

ये घटना शनिवार सुबह की है। पुलिस सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, हमले से पहले दो से तीन संदिग्धों को पुलिस लाइन इलाके में देखा गया था। जिसके बाद मौका मिलते ही एकाएक उन्होंने CRPF जवानों और पुलिसकर्मियों पर गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। इस हमले में 4 पुलिस कर्मी और सीआरपीएफ के 4 जवान शहीद हो गए, जबकि 5 जवान घायल हुए हैं।

हमलावर अभी भी पुलिस लाइन की बिल्डिंग में छुपे हुए हैं। उनकी तलाश में CRPF और पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी है। हमले में घायल हुए जवान प्रभु नारायण, पम्मी कुमार, एसबी राज सुधाकर और पुलिसकर्मी मोहम्मद याकूद जोरा को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। आतंकियों की तलाश में बिल्डिंग को खाली कराया जा रहा है।

Similar News