NIA का मोस्ट वांटेड आतंकी मारा गया, हमले में एक जवान भी शहीद
वांछित आतंकवादी फैयाज अहमद अश्वर उर्फ सेठा मारा गया;
दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में बीती रात हुए आतंकी हमले में सुरक्षाबलों ने एनआईए के मोस्ट वांटेड आतंकी को मार गिराया. इस हमले में एक पुलिसकर्मी और लश्कर आतंकी समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई.
कुलगाम के मीर बाजार में पुलिस दल पर हमला करने के दौरान जवाबी कार्रवाई में वांछित आतंकवादी फैयाज अहमद अश्वर उर्फ सेठा मारा गया. उधमपुर आतंकी हमले में नाम आने के बाद, वह अगस्त 2015 से ही लापता था.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जवाबी कार्रवाई से पहले ही पुलिस में शामिल कांस्टेबल महमूद अहमद शेख ने अपनी जान पर खेलकर एक आतंकवादी से उसकी पिस्तौल छीन ली थी. आतंकवादियों ने हमले के वक्त अंधाधुंध फायरिंग की थी जिसमें तीन नागरिकों की मौत हो गयी.
पुलिस महानिदेशक एसपी वैद्य ने बताया कि इस हमले में एक पुलिसकर्मी शहीद हुआ है. उन्होंने बताया कि आतंकवादियों ने सड़क हादसे की जांच करने मीर बाजार गये पुलिस दल पर हमला कर दिया. पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई में एक आतंकवादी घायल हो गया. उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.