मध्यप्रदेश: कई जगह हाईवे जाम की कोशिश, किसान नेता कक्का जी गिरफ्तार
भोपाल में हाईवे पर चक्काजाम करने का प्रयास कर रहे किसान नेता शिवकुमार शर्मा (कक्काजी) को उनके आठ समर्थकों के साथ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया;
भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में हाईवे पर चक्काजाम करने का प्रयास कर रहे किसान नेता शिवकुमार शर्मा (कक्काजी) को उनके आठ समर्थकों के साथ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। भोपाल के 11 मिल चौराहे इलाके में कक्काजी जैसे ही चक्काजाम करने पहुंचे तो सुरक्षा व्यवस्था में पहले से मुस्तैद पुलिस अफसरों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
बता दे, कि राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ की घोषणा के बाद मध्यप्रदेश के तमाम हाईवे को सुरक्षा एजेंसियों ने अपने नियंत्रण में ले लिया है। किसान नेताओं ने 16 जून को तीन घंटे हाईवे जाम करने की घोषणा की थी। प्रदेश के कई इलाकों से हाईवे जाम करने की कोशिश की खबरें आ रही है, लेकिन थोड़ी देर में ही आवागमन सुचारू रूप से चलने लगा है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश में चक्काजाम का मिलाजुला असर देखने को मिल रहा है। चक्काजाम का सबसे ज्यादा असर राजधानी भोपाल में ही देखने को मिला। वहीं इंदौर, ग्वालियर व जबलपुर के अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में चक्काजाम का विशेष असर देखने को नहीं मिला। किसी अप्रिय स्थिति की सूचना नहीं है। चक्काजाम के कारण यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।