मंदसौर: किसान आंदोलन के बीच कांग्रेस महिला विधायक की भड़काऊ टिप्पणी वाला वीडियो हुआ वायरल
Video of provocative comment of Congress woman MLA;
शिवपुरीः मंदसौर में किसान आंदोलन और हिंसा के बीच कांग्रेस की एक महिला विधायक की भड़काऊ टिप्पणी वाला वीडियो सामने आया है। किसान आंदोलन के समर्थन में शिवपुरी में जिला और ब्लॉक कांग्रेस के प्रदर्शन के बीच कांग्रेस विधायक शकुंतला खटीक पुलिस अधिकारियों से उलझ गईं। पुलिस से बहस के बीच शकुंतला ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भड़काते हुए कहा, 'थाने में आग लगा दो।' इस वीडियो के सामने आने के बाद बीजेपी अपने दावे को सही बता रही है।
#WATCH: Madhya Pradesh Congress MLA Shakuntala Khatik caught on tape asking supporters to set a police station on fire pic.twitter.com/wdCV2ShhlO
— TIMES NOW (@TimesNow) June 9, 2017
बता दें कि बीजेपी ने मंदसौर हिंसा के बीच कांग्रेस को दोषी ठहराया है। दरअसल, जिला बंद की कोशिश के दौरान करैरा में कांग्रेस विधायक शकुंतला खटीक की पुलिस से झड़प हो गई थी। विधयाक ने सीएम शिवराज का पुतला जलाने की कोशिश की जिसे पुलिस ने फायर बिग्रेड से पानी डलवाकर रोक दिया। ऐसा होने पर विधायक भीग गईं। इसके बाद उनका पारा चढ़ गया। उन्होंने न सिर्फ आईपीएस अनुराग सुजानिया को खरी-खोटी सुनाई बल्कि टीआई करैरा संजीव तिवारी के साथ अभद्रतापूर्वक व्यवहार किया।
शिवपुरी में कांग्रेस बंद को समर्थन भी नहीं मिला। शहर में जहां एक तरफ कांग्रेसी सुबह 10:30 बजे बाजार बंद कराने के लिए सड़कों पर निकले, उन्हें देखकर दुकानदारों ने 30 मिनट के लिए अपनी दुकानों की शटर गिरा दी, लेकिन उनके जाते ही कोर्ट रोड मुख्य बाजार सुबह 11 बजे ही पूरी तरह से खुल गया।
जिस समय भीड़ पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रही थी, उस वक्त आक्रोशित भीड़ को और उग्र करने का काम करैरा विधायक ने किया। विधायक ने भीड़ से कहा कि थाने में आग लगा दो। हालांकि उनकी बात को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गंभीरता से नहीं लिया। यदि ऐसा होता तो करैरा भी मंदसौर बन जाता। वही मिडिया से बात करते हुए विधायक ने अपनी गलती तो मानी नहीं, साथ में यह भी कह डाला कि कार्यकर्ताओं ने कुछ किया तो नहीं न… उन्होंने ये भी कहा कि मैंने जो कहा सही कहा था।