तृप्ति देसाई के खिलाफ केस दर्ज, मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी करने का आरोप
महाराष्ट्र के शनि शिंगणापुर और हाजी अली दरगाह में महिलाओं को प्रवेश दिलाने वाली सामाजिक कार्यकर्ता तृप्ति देसाई और उनके पति पर एक शख्स से मारपीट, लूटपाट और जातिसूचक टिप्पणी करने का आरोप लगा है।;
पुणे: महाराष्ट्र के शनि शिंगणापुर और हाजी अली दरगाह में महिलाओं को प्रवेश दिलाने वाली सामाजिक कार्यकर्ता तृप्ति देसाई और उनके पति पर एक शख्स से मारपीट, लूटपाट और जातिसूचक टिप्पणी करने का आरोप लगा है। पुणे की हिंजवाड़ी पुलिस ने तृप्ति समेत 6 लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।
हिंजवाड़ी पुलिस के मुताबिक, 27 जून की सुबह विजय मकासरे नामक एक शख्स अपनी कार से कहीं जाने के लिए निकला था। इसी दौरान तृप्ति देसाई, उनके पति प्रशांत देसाई, सतीश देसाई समेत 6 लोगों ने विजय की कार का रास्ता रोका और डंडे और रॉड से उसकी पिटाई करना शुरू कर दिया। पुलिस को दी शिकायत में विजय ने बताया कि प्रशांत देसाई ने उनके गले से सोने की चेन खींच ली और उनके पास रखे 27 हजार रुपये भी लूट लिए।
वहीं, तृप्ति देसाई ने सफाई दी है कि इस तरह की कोई घटना नहीं हुई है। उनके खिलाफ झूठा आरोप लगाया गया है। उन्होंने सभी आरोपों को झूठा करार देते हुए इसे अपने खिलाफ साजिश बताया। पुलिस ने तृप्ति, उनके पति प्रशांत देसाई समेत 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तृप्ति देसाई भूमाता ब्रिगेड की संस्थापक अध्यक्ष हैं। वह प्रसिद्ध समाजसेवी अन्ना हजारे के साथ कई सामाजिक कार्यों में हिस्सा ले चुकी हैं।