महाराष्ट्र: जमीन अधिग्रहण को लेकर किसानों का हिंसक प्रदर्शन, पुलिस की गाड़ियां फूंकीं

महाराष्ट्र में किसान आंदोलन एक बार फिर शुरू हो गया है। राज्य के ठाणे जिले के कल्याण में ठाणे-बदलापुर हाइवे पर किसानों का आंदोलन आज हिंसक हो गया

Update: 2017-06-22 09:37 GMT
महाराष्ट्र: महाराष्ट्र में किसान आंदोलन एक बार फिर शुरू हो गया है। राज्य के ठाणे जिले के कल्याण में ठाणे-बदलापुर हाइवे पर किसानों का आंदोलन आज हिंसक हो गया। जमीन के अधिग्रहण को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों ने आगजनी शुरू कर दी। हाइवे पर पुलिस की कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया। दोपहर बाद ठाणे पुलिस कमिश्नर ने इस हिंसा के दौरान 12 पुलिसवालों के घायल होने की पुष्टि की, हालांकि उन्होंने अब हालात के काबू में रहने की भी बात कही।


किसानों का आरोप है कि रक्षा मंत्रालय के लिए उनकी जमीन का अधिग्रहण किया गया है। इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस पर की गयी पत्थरबाजी में एक एसीपी को चोट भी आयी है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिये और भी पुलिस दल बुलाया गया है। प्रदर्शनकारियों ने हाइवे पर जाम लगा दिया था। इसके अलावा, किसानों और पुलिसवालों में झड़प की खबरें भी मिलीं। सूत्रों के मुताबिक, कम से कम 17 गांवों के लोग इस प्रदर्शन में शामिल हुए। 10 से ज्यादा जगहों पर ये प्रदर्शन हुए, जिनमें ठाणे-बदलापुर हाइवे भी शामिल है।

दरअसल ये मामला ब्रिटिश काल कि है नेवाणे गांव के पास हवाईपट्टी मौजूद थी। जो बाद में किसानों ने ले लिया था। लेकिन नौसेना फिर से उस हवाई पट्टी वाली जगह को अपने कब्जे में ले रही है। इसके लिए वहां दीवार बनायी गयी है जिसका किसान विरोध कर रहे हैं। गांव वालों का कहना है कि नेवी ने उनकी जमीन का जबरन अधिग्रहण किया गया है। किसानों का ये आंदोलन पहले शांतिपूर्वक चल रहा था, लेकिन थोड़ी ही देर बाद इसने हिंसक रूप ले लिया।

Similar News