नाबालिग के साथ डेढ़ महीने में 8 लोगों ने किया बलात्कार
minor raped by 8 people;
नई दिल्ली: पिता की छेड़छाड़ से तंग आकर बठिंडा से घर छोड़कर भागी एक 17 वर्षीय किशोरी गैंगरेप का शिकार हो गई। डेढ़ माह में 8 लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। हिसार से लेकर अलवर तक नाबालिग ने जहां भी सहारा लिया, उसी ने हवस का शिकार बनाया। दुष्कर्म करने वालों में दो तो पिता-पुत्र हैं।
जानकारी के अनुसार बठिंडा की एक नाबालिग लड़की (17) डेढ़ महीने पहले घर छोड़कर ट्रेन से हिसार रेलवे स्टेशन पर उतरी थी। बुधवार दोपहर रेलवे थाना की एसआई उषा देवी ने सिविल अस्पताल में लड़की की मेडिकल जांच कराई। मेडिकल रिपोर्ट में लड़की से गैंगरेप की पुष्टि हुई है।
पीड़िता ने बताया की जब वह प्लेटफार्म पर बैठी थी तभी वहां कैंटीन वाले अमर सिंह ने बातचीत शुरू की और फिर वह उसे पनाह देने का आश्वासन देकर एक घर में ले गया। आरोप है कि उसने रात भर लड़की से दुष्कर्म किया। बाद में उसने परिचित सफाई ठेकेदार राम अवतार को बुुला लिया। वह लड़की को ले गया और उससे दुष्कर्म किया। कई दिन दुष्कर्म चलता रहा।
इसके बाद लड़की दिल्ली रोड पर विद्युत नगर के पास चप्पल बेचने वाले एक बुजुर्ग के संपर्क में आ गई। बुजुर्ग उसे बहला-फुसलाकर घर ले गया और उससे जबर्दस्ती शारीरिक संबंध बनाए। बुजुर्ग घर से बाहर गया तो उसके बेटे ने रेप किया। युवती ने पुलिस को बताया कि हांसी में उसे एक आदमी मिला। वह उसे झांसे में लेकर अलवर ले गया। अलवर के मकान में उसके साथ एक आदमी ने दुष्कर्म किया। वह खुद को वकील बता रहा था। अलवर में ही एक बिजली कर्मचारी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
वह किसी तरह वहां से छूटकर ट्रेन में फिर हिसार पहुंच गई। वहां रेलवे स्टेशन पर बैठी थी कि सूचना मिलने पर जीआरपी ने उसे ले जाकर महिला बाल संरक्षण अधिकारी के सामने पेश किया। जहां से उसे कैमरी रोड के शैशव कुंज आश्रम में भेज दिया गया। नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म मामले का हरियाणा पुलिस प्रमुख ने कड़ा संज्ञान लिया है। डीजीपी बीएस संधू ने कहा कि केस दर्ज किया जा चुका है। रेलवे पुलिस का मामला है। जो भी आरोपी हैं, उनकी गिरफ्तारी के आदेश दिए जा चुके हैं। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
लड़की का पिता ट्रक चलाता है। पुलिस ने बुधवार को उसे बुलाया। लड़की ने बताया कि पिता द्वारा छेड़छाड़ से दुखी होकर उसने घर छोड़ा था। रेलवे थाना के एसएचओ राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि नाबालिग लड़की की शिकायत पर अमर सिंह, रामअवतार व एक अन्य समेत सात-आठ के खिलाफ गैंगरेप व पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है।