दिल्ली के संजय कॉलोनी स्थित एक घर में तीन लाश मिलने से मचा हड़कंप

Update: 2016-07-01 14:35 GMT
दिल्ली के संजय कॉलोनी स्थित एक घर में तीन लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतकों में पति, पत्नी और उनकी एक 9 साल की बेटी शामिल है। पुलिस इस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

यह पूरा मामला दिल्ली के ओखला इलाके संजय कॉलोनी का है, जहां 50 वर्षीय महेश कुमार अपनी पत्नी लक्ष्मी और 9 साल की बेटी के साथ रहता था। शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे तक भी महेश के घर का दरवाजा नहीं खुला। पहले कभी ऐसा नहीं हुआ था। पड़ोसियों ने शक होने पर छत से जाकर देखा तो एक कमरे में तीनों की लाशें पड़ी हुई थीं। सभी शव ज़मीन पर ही पड़े हुए थे। मृतक बच्ची का चेहरा खून से लथपथ था।

पड़ोसियों ने फौरन इस बात की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर जाकर तीनों लाशों को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।

बताया जा रहा है कि करीब 10 साल पहले महेश की पहली पत्नी की मौत हो गई थी। इसके बाद उसने लक्ष्मी से दूसरी शादी की थी। शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच झगड़ा होता रहता था। जिसके चलते महेश ने पहले बच्ची का गला घोंटकर उसे मार डाला और पत्नी को जहर देकर खुद भी आत्महत्या कर ली।

फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर महेश ने किस बात को लेकर इतना बड़ा कदम उठाया। जिसकी वजह से उसने अपना पूरा परिवार ख़त्म कर दिया।

Similar News